जाने अनजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना.. : मनोज तिवारी

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आदेश कुमार गुप्ता को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सांसद मनोज तिवारी ने इस फैसले के बाद बयान दिया है। मनोज तिवारी ने जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए नए अध्यक्ष को बधाई दी है साथ ही साथ दिल्ली वासियों से क्षमा भी मांगी है।

मनोज तिवारी ने ट्वीट करके कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला, उसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी व दिल्लीवासियों का सदैव आभारी रहूंगा... जाने-अनजाने में कोई त्रुटि हुई तो क्षमा करना। नए प्रदेश अध्यक्ष भाई आदेश गुप्ता को असंख्य बधाइयां।

गौरतलब है कि मनोज तिवारी को 2016 में बीजेपी की कमान सौंपी गई थी। 2017 में बीजेपी ने मनोज तिवारी के नेतृत्व में एमसीडी चुनाव जीता था। हालांकि, इसी साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी को बुरी हार का सामना करना पड़ा।

बता दें कि दिल्ली चुनाव के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया था। मनोज तिवारी को पद से क्यों हटाया गया इसके पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। लेकिन पिछले दिनों मनोज तिवारी का नाम काफी विवादों में रहा था। उनपर सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का पालन नहीं करने के आरोप लगे थे। मनोज तिवारी को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को लॉकडाउन के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। वे दिल्ली में कोविड-19 को नियंत्रित करने में अरविंद केजरीवाल सरकार की नाकामी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए राजघाट पर जमा हुए थे। इससे पहले भी मनोज तिवारी पर लॉकडाउन तोड़ने के आरोप लगे थे। वह क्रिकेट मैच खेलने हरियाणा पहुंचे थे। वहां उन्होंने मैच के दौरान न तो मास्क लगाया और सोशल डिस्टेंसिंग का भी उल्लंघन किया था।

कौन है आदेश गुप्ता

बता दे, आदेश गुप्ता एक साल पहले तक नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी ने यह चेहरा व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आगे किया है। मनोज तिवारी को हटाकर बीजेपी ने जमीनी और दिल्ली से जुड़े नेता को अध्यक्ष बनाया है, जिसकी मांग काफी वक्त से चल रही थी। आदेश गुप्ता एक वक्त में ट्यूशन पढ़ाकर अपना घर चलाते थे।

जानें कौन हैं आदेश गुप्ता, जिन्हें मिली दिल्ली BJP की कमान