घने कोहरे और तापमान में गिरावट के साथ शुरू हुई दिल्ली की सुबह, 7 डिग्री पहुंचा तापमान

पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में एक बार फिर गिरावट देखी गई है। बुधवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घने कोहरे और तापमान में गिरावट के साथ शुरू हुई। दिल्ली में सुबह का तापमान 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है और घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 50 मीटर से कम पहुंच गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में भी कोहरा बरकरार रहेगा। हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण हवाएं काफी सर्द हैं और मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है।

कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। विजिबिलिटी कम होने की वजह से सड़कों पर गाड़ियां चलाने में भी लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। वहीं घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाले ट्रेनें देरी से चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली से 22 ट्रेनें कोहरे के कारण लेट हैं। देरी से चलने वाली ट्रेनों में अमृतसर एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस भी शामिल है। कोहरे के कारण फ्लाइट्स पर भी इसका असर देखा जा रहा है। इंडिगो और विस्तारा एयरलाइंस ने भी कोहरे के कारण विमानों में देरी की आशंका का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल दिल्ली हवाई अड्डे की रनवे विजिबिलिटी लगभग 150 मीटर है।