उत्तरप्रदेश : सुबह टहलने निकले लोग तो पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, बताया गया मानसिक रूप से था बीमार

मंगलवार की सुबह उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां गौरा निपनियां के पूरब तरफ नहर पटरी के किनारे आम के पेड़ से लटकता एक युवक का शव मिला। लोगों को यह शव सुबह टहलने निकले तब दिखाई दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर पहचान कराने में जुट गई। कुछ देर बाद मृत युवक की पहचान मधु (19) निवासी कोल्हुआ के रूप में हुई। उसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक मानसिक रोग से ग्रसित था। जिसकी इलाज के लिए परिजनों ने काफी रकम खर्च भी कर दी थी। लेकिन मधु नशे की लत से मजबूर था। जिसके चलते उसकी बीमारी ठीक नहीं हो पा रही थी। अक्सर नशे की हालात में परिजनों से विवाद करता रहता था।

कोल्हुआ निवासी राजू ने बताया कि बेटा मधु मानसिक रूप से पीड़ित था। सोमवार की रात करीब आठ बजे घर से अचानक निकला। उसके बाद वापस घर नहीं लौटा। जिसकी देर रात तक काफी खोजबीन की गई। लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। इसी बीच लोगों से जानकारी मिली कि गौरा निपनियां गांव के पूरब नहर के किनारे पेड़ से लटकता हुआ एक युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंचकर देखा तो मृत युवक मधु था। मधु की मौत के बाद माता फुला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृत युवक बड़े भाई दीनदयाल से छोटा और छोटे भाई करन से बड़ा था।