उत्तराखंड : नदी में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में तब हडकंप मच गया जब गुरुवार को एक युवक का शव नदी में मिला। मृतक की पहचान 20 वर्षीय प्रवीण भंडारी के रूप में हुई। मृतक देहरादून के शेरा गांव का रहने वाला था। वहीं इस मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव पर कपड़े नहीं थे। जिस जगह शव मिला है, वहां से स्कूटर करीब एक किलोमीटर दूर खड़ा था। कुछ दूरी पर खून भी पड़ा हुआ था। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान भी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक क्षेत्र में ही पिकअप वाहन चलाता था। बताया गया कि प्रवीण बुधवार को अपने मालिक की कार लेकर गया था। वह टूरिस्ट को छोड़ने के बाद अपनी मां को गांव लेकर आया था। इसके बाद कार को मालिक के यहां छोड़कर स्कूटर से वापस आ रहा था। रास्ते में एक स्कूल भी पड़ता है। बताया जा रहा है कि यहां पर प्रवीण के कुछ साथी भी थे। जिसके बाद आज गुरुवार को सुबह आठ बजे नदी से उसका शव मिला। कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है।