15 फरवरी से वाहन पर फास्टैग अनिवार्य, नहीं तो देना पड़ेगा दोगुना टोल

लंबे समय से जानकारी दी जा रही हैं कि वाहन पर फास्टैग लगाना अनिवार्य हैं जिससे टोल प्लाजाओं पर आपको सुविधा मिल सकेगी। अब 15 फरवरी से राष्ट्रीय राजमार्गाें पर कैश लेन बंद हाे जाएगी और फास्टैग ही अनिवार्य होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 12 फरवरी काे टोल प्लाजाओं पर ड्रॉय रन, यानि पूर्व परीक्षण किया। इस दौरान आधे घंटे तक कैश लेन पूरी तरह बंद रखी। बिना फास्टैग वाले वाहन टोल नाके से नहीं निकल पाए।
शाहपुरा के कादिसहना टोल प्लाजा के प्रबंधक बृजेश कुमार ने बताया कि केंद्रीय परिवहन मंत्रालय के निर्देशानुसार वाहन चालकों को टोल नाकों से सुगम आवाजाही करने के लिए फास्टैग की ओर प्रेरित किया गया। आधे घंटे तक बिना फास्टैग वाले वाहन रुके रहेंगे। 13 व 14 फरवरी काे भी शाम 5:30 से शाम 6 बजे तक कैश लेन बंद रखी जाएंगी। तब बिना फास्टैग वाले वाहनों को रुकना पड़ेगा और आधे घंटे इंतजार करना होगा। केवल फास्टैग की लेन खुली रहेंगी। बिना फास्टैग वाले वाहन चालकाें को निकलना है तो दोगुना टोल देना पड़ेगा। पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा।