CWG 2018 : सुशील कुमार ने जीता गोल्ड, सिर्फ 1 मिनट में किया प्रतिद्वंदी को चित्त

ऑस्ट्रेलिया में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ खेलों का आठवां दिन भारत के लिए पूरी तरह कुश्तीमय हो गया। जहां पुरुष वर्ग में ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार और राहुल अवारे ने फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

सुशील कुमार दो ओलम्पिक मुकाबलों में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं अब सुशील कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में भी झंडा गाड़ दिया है। 74 किलोग्राम फ्री स्टाइल रैसलिंग में सुशील ने बोथा जोहानेस को महज एक मिनट में ही धूल चटा दी। सुशील खेल के पहले सेकेंड से ही दक्षिण अफ्रीकी पहलवान पर हावी दिख रहे थे। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में बोथा को जमीन पर ला दिया। इससे सुशील को चार प्वाइंट मिले। इसके बाद इस खिलाड़ी ने 2 औऱ अंक झटके। बोथा को हराकर सुशील कुमार ने भारत की झोली में एक और गोल्ड डाल दिया।

महिला वर्ग में बबीता फोगाट और किरण ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता। इसी के साथ ही खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या 29 हो गई है। इसमें 14 स्वर्ण, 6 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।

वहीं, शूटिंग में तेजस्विनी सावंत ने भारत को रजत पदक दिलाया, तो कुश्ती में भारत का दिन का खाता खोलते हुए महिला वर्ग में बबीता फोगाट ने भी 53 किग्रा वर्ग में रजत पदक दिला दिया।