दिल्ली के नजफगढ़ में युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोलियों से भूना, Tik Tok पर है 5 लाख फॉलोवर्स

मंगलवार शाम 5 बजे दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में बहादुरगढ़ का रहने वाले 24 साल के मोहित की 3 अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। डीसीपी द्वारका का कहना है कि वह नजफगढ़ इलाके में एक जिम में एक्सरसाइज करने आता था। मोहित की हत्या के पीछे की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस को शक है कि ये वारदात एक गैंगवार भी हो सकती है या फिर इसके पीछे कोई निजी वजह भी हो सकती है। वही मोहित अपने वीडियो के जरिये सोशल मीडिया पर छाया हुआ था। उसके Tik Tok वीडियो ऐप पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स है और इंस्ट्राग्राम पर भी करीब 3 हजार फॉलोवर्स हैं। हत्या से कुछ देर पहले भी उसने Tik Tok पर एक वीडियो अपलोड किया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया मोहित नजफगढ़ इलाके की स्टेट बैंक वाली गली में परिवार के साथ रहता था। वह शनि मंदिर वाली गली में मंगलवार शाम को करीब 5 बजे एक दुकान पर फोटोस्टेट कराने आया था। उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। मोहित भी अपराध जगत से जुड़ा बताया जा रहा है। इसका एक साथी भिंडा गाड़ी चुराने व व्यापारियों को धमकी देकर पैसे ऐंंठने का काम करता था। वह कुछ समय पहले ही मंजीत महाल गैंग में शामिल हुआ बताया जा रहा है। मोहित के एक अन्य साथी पंजाब का रहने वाला था और मोहन गार्डन में रह रहा था। कुछ समय पहले उसे स्पेशल स्टाफ, द्वारका ने पकड़ा था और इसके दूसरे साथी को उत्तमनगर थाना पुलिस ने पकड़ा था। फिलहाल दोनों जमानत पर है।

बदमाशों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गयीं, जिसमें 2 हमलावर हेलमेट पहने हुए हैं, जबकि एक बिना हेलमेट के है। बिना हेलमेट पहने बदमाश का चेहरा साफ दिख रहा है। पुलिस अब इसी शख्स के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।