महाराष्ट्र / 90 साल की बुजुर्ग महिला ने कोरोना को हराया, पोते-पोती अभी भी संक्रमित

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे है। मंगलवार को 841 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें मुंबई में सबसे अधिक 635 मरीज पाए गए। प्रदेश में मरीजों की संख्या 15,525 तक पहुंच गई। मुंबई में 48 घंटे में 1145 नए मामले सामने आए। नए मामलों के साथ ही मुंबई में संक्रमितों की संख्या 9,758 हो गई। वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे में एक 90 साल की बुजुर्ग महिला ने कोरोना वायरस को मात दी। मंगलवार को महिला को यहां के सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। महिला का इलाज करने वाले डॉक्टर कैलाश पवार ने कहा, 'इतनी ज्यादा उम्र की होने के बावजूद उनमें कोरोना से लड़ने का जज्बा देखने लायक था।' महिला को उनके पति को अपने पोते-पोतियों से यह संक्रमण हुआ था।

बुजुर्ग महिला को 22 अप्रैल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनकी दो बार रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया। हालांकि, उनके पोते-पोतियों में की रिपोर्ट अभी पॉजिटिव है। इसलिए अभी भी वे हॉस्पिटल में रहेंगे। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के दौरान महिला ने नाम आंखों से डॉक्टर्स का शुक्रिया अदा किया।

इसके अलावा, ठाणे जिले के मीरा भायंदर नगर में सात महीने के बच्चे के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा दो परिवार के कुल 10 लोगों समेत 16 संक्रमित मरीज मंगलवार को ठीक होकर वापस अपने घर गए हैं। ठाणे जिला सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर और नर्सों ने सभी का तालियां बजाकर विदाई दी। मंगलवार को ठाणे शहर में 40 नए कोरोना संक्रमित मिले। शहर में एक दिन में पॉजिटिव रिपोर्ट का यह अधिकतम आंकड़ा रहा। शहर के वर्तक नगर में स्थित एक निजी कंपनी के ऑफिस में 21 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें दो लोग चिराग नगर और गांधी नगर के निवासी हैं। बाकी 19 बाहर के हैं।

पांच दुकानें हर रोड पर खोलने का आदेश

बता दे, महाराष्ट्र में अर्थव्यवस्था की गाड़ी पटरी पर लाने के लिए गैर-जरूरी सामानों की बिक्री करने वाली पांच दुकानें हर रोड पर खोलने का आदेश दिया गया था। मुंबई में इस संबंध में फैसला लेने का पूरा अधिकार कमिश्नर के पास है। कई दुकानदार तो गैर-जरूरी सामान बेचने की तैयारी कर रहे थे, इस बीच इन दुकानों को पूरी तरह से बंद करने का फैसला कर दिया गया।