पहले फेज में 3 करोड़ लोगों को फ्री लगाई जाएगी कोरोना वैक्सीन : स्वास्थ्य मंत्री

कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर आज पूरे देश में ड्राई रन चल रहा है। देशभर के 116 जिलों में 259 सेंटरों पर यह ड्राई रन किया जा रहा है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा है कि वैक्सीन दिल्ली में नहीं बल्कि पूरे देश में फ्री उपलब्ध करवाई जाएगी। पहले फेज में 1 करोड़ हेल्थकेयर वर्कर्स और 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स फ्री वैक्सीन लगाई जाएगी। बाकी प्राथमिकता सूची में शामिल 27 करोड़ लोगों को जुलाई तक कैसे वैक्सीन दी जाएगी, इस बारे में फैसला लिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने GTB अस्पताल जाकर ड्राई रन की तैयारियों का रिव्यू भी किया। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सुरक्षित और असरदार वैक्सीन हमारी प्राथमिकता है। पोलियो के वैक्सीनेशन के वक्त भी कई तरह की अफवाहें फैलाई गई थीं, लेकिन लोगों ने वैक्सीन लगवाई और आज देश पोलियो मुक्त हो चुका है।दिल्ली में वैक्सीन लेने वालों की लिस्ट तैयार

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली के तीन अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है। इसके पीछे सरकार की मंशा यह है कि किसी भी तरह की बाधा दूर की जा सके। सतेंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में हमने वैक्सीन दिए जाने वाले लोगों की सूची तैयार की है। दिल्ली में सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन दी जाएगी, इसके बाद 50 साल के उम्र के ऊपर के लोगों को कोरोना वैक्सीन दिया जाएगा।