उत्तर प्रदेश / बस्ती में बढ़ता संक्रमण, आज मिले दो नए मरीज; जिले में संक्रमितों की संख्या हुई 218

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शुक्रवार को कोरोना के 2 नए पॉजिटिव केस सामने आए है। इसके साथ ही यहां कुल मरीजों की संख्या 218 हो गई है। एक्टिव केस 154 हैं। वहीं अब तक 7 लोगों की मौत इस वायरस की वजह से हो गई है। वहीं, 277 नमूनों के जांच रिपोर्ट का इंतजार है। आठ पॉजिटिव केस की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव भी आई है। अब इनकी संख्या 57 हो गई है।

शुक्रवार को मुंडेरवा लेवल-वन हॉस्पिटल से छह तथा रुधौली से दो पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। 14 दिन होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि कोरोना को लेकर जिले में दहशत जैसा माहौल नहीं है। क्योंकि अब तक जितने भी पॉजिटिव केस आए हैं वे सभी प्रवासी हैं। इनके इलाज की पूरी व्यवस्था है।

जिले में मुंबई, गुजराज, दिल्ली व अन्य गैर प्रांतों के लोग आए हैं। शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाए गए लोग मुंबई से 27 से 31 मई के बीच आए हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजे गए नमूनों में से 277 की जांच रिपोर्ट लंबित है।

उत्तर प्रदेश में 9313 संक्रमित

उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण फैलता ही जा रहा है। गुरुवार को रिकॉर्ड तोड़ मरीज मिले। जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा नौ हजार पार हो गया। यूपी में अब संक्रमितों की संख्या 9 हजार 313 हो गई है। वहीं, 5 हजार 648 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इसके अलावा प्रदेश में 257 मरीजों की मौत हो चुकी है। यूपी में बीते 24 घंटे में 502 नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। वहीं प्रदेश में फिलहाल 3 हजार 828 सक्रिय मामले हैं। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब तक 5 हजार 648 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।