जम्मू में कोरोना मरीज के परिवार के दो सदस्यों की मौत उस समय हो गई जब वो कोरोना से जान गंवाने वाले अपने परिजन का अंतिम संस्कार कर रहे थे। इस दौरान इन लोगों ने पीपीई किट पहन रखा था ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इन दोनों की मौत डिहाइड्रेशन की वजह से हुई होगी।
वहीं, जम्मू की जिलाधिकारी सुषमा चौहान ने इस मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि दोनों के पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि जम्मू के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (लॉ एंड ऑर्डर) को मामले की जांच सौंपी गई है। वो इन शवों के पोस्टमॉर्टम के लिए डॉक्टरों के स्पेशल बोर्ड का गठन भी सुनिश्चित करेंगे। इस मामले में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट अपनी रिपोर्ट 22 जून को सौंपेंगे।
जम्मू की जिलाधिकारी सुषमा चौहान ने कहा कि इन दोनों शवों की कोरोना टेस्ट किया जाएगा। आपको बता दे, कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या देश में लगातार बढ़ती जा रही है। जम्मू-कश्मीर की बात करे तो यहां अब तक 5406 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके है। वहीं, 65 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा 2 हजार 914 लोग इलाज से ठीक हो चुके हैं। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12,881 नए मामले सामने आ चुके है इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 3,66,946 पर पहुंच गई है। वहीं, एक दिन में 334 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके साथ ही कुल मौतों का आंकड़ा 12,237 हो गया है।