कोरोना संकट : तनाव में आकर ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली

भोपाल के रातीबड़ थाने में पदस्थ एक कॉन्स्टेबल ने मंगलवार दोपहर तीन बजे खुद को गोली मार ली। बताया गया कि लॉकडाउन में कॉन्स्टेबल चेतन सिंह ठाकुर की नीलबड़ चौराहे पर ड्यूटी लगी थी। यहां ड्यूटी के दौरान अचानक उसने सरकारी पिस्टल से पहले हवा में एक फायर किया, फिर एक गोली उसने अपने कंधे में मारी। वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद फिर से उठा और किसी को फोन लगाकर बात भी की। घटना की सूचना मिलने पर रातीबढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ कॉन्स्टेबल को बंसल अस्पताल में भर्ती कराया।

चेतन पुलिस लाइन में रहता है। वह यहां रातीबड़ थाने में काफी समय से पदस्थ है। शुरुआती जांच में खुद को गोली मारने की वजह कॉन्स्टेबल का तनाव में होना बताया गया। कोरोना वायरस के चलते कॉन्स्टेबल चेतन की लगातार ड्यूटी लगाई जा रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में था। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी हेडक्वार्टर धर्मवीर सिंह यादव और एएसपी रजत सकलेचा मौके पर पहुंचे और कॉन्स्टेबल का हाल जाना हे। हालांकि इस बारे में पुलिस अधिकारियों की ओर से कुछ नहीं कहा गया है।