महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना से संक्रमित 6 मरीजों की मौत हुई है, इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कारण मरने वालों की कुल संख्या 17 हो गई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बुधवार शाम मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस से संक्रमित एक संदिग्ध मरीज की जानकारी मिली है। मुंबई के धारावी के जिस इलाके में कोरोना का पॉजिटिव मरीज मिला है वहां हजारों की संख्या में झुग्गियां हैं। ऐसे में इस इलाके में संक्रमण फैलने का खतरा देखते हुए अधिकारियों के बीच हड़कंप की स्थितियां बनी हुई हैं। झुग्गियों की घनी आबादी के बीच कोरोना के मरीज के मिलने के बाद अधिकारी अब संक्रमण के खतरों को रोकने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
बीएमसी के अधिकारियों के अनुसार, शाहू नगर में एक 56 वर्षीय शख्स को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा उसके परिवार के सात अन्य सदस्य भी क्वारंटीन में रखे गए हैं, जिनकी जांच गुरुवार को कराई जाएगी। सूत्रों का कहना है कि यह मरीज इलाके की एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रह रहा था और अब इस इमारत को भी सील कर दिया गया है। साथ ही इस इमारत के आसपास के हिस्सों को भी सैनिटाइज कराने पर भी विचार किया जा रहा है।बता दे, मुंबई की झुग्गी-झोपड़ियां और चॉल में यह वायरस तेजी से फैल रहा है और यहां पर इसे काबू पाना प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती है। इस वायरस को रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग सबसे अहम है और इन घनी बस्तियों में यह संभव नहीं हो पा रहा है। अब तक बस्तियों में आठ लोगों को कोरोना पॉजिटिव हो चुका है। लेकिन सामाजिक दूरी इन मलिन बस्तियों और चॉलों में संभव नहीं है। झुग्गी बस्तियों में ज्यादातर घरों में टिन की चादरें एक साथ रखी जाती हैं और यहां रहने वाले लोग सामुदायिक शौचालयों का उपयोग करते हैं। चॉलों में तो 8X10 के कमरों में सामान्यता छह लोग तक रहते हैं। यहां के लोगों में बीमारी रोकना शुरू से ही स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती रहा है।
बता दे, महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 335 तक पहुंच गई है।