दुनिया में कोरोना से अब तक 57.88 लाख संक्रमित, अमेरिका में एक दिन में 1500 लोगों की हुई मौत

दुनियाभर के 213 देशों में कोरोना इस समय अपना कहर बरपा रहा है। पिछले 24 घंटे में पूरी दुनिया से 1 लाख 3 हजार नए कोरोना के मामले सामने आए और मरने वाले लोगों की संख्या में 5,186 का इजाफा हो गया। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, दुनिया में अब तक 57 लाख 88 हजार 782 लोग संक्रमित हैं। 24 लाख 97 हजार 593 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 57 हजार 425 हो गया है। दुनिया के करीब 74% कोरोना के मामले सिर्फ 12 देशों से आए हैं। इन देशों में कोरोना पीड़ितों की संख्या 42.70 लाख है। कोरोना से अमेरिका में सबसे ज्यादा मौतें हुई है। यहां 24 घंटे में लगभग 1500 मौतें हुई हैं, जबकि 20 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। यहां मौतों का आंकड़ा एक लाख 2 हजार से ज्यादा हो गया है। वियतनाम, इराक, अफगानिस्तान और कोरिया की 44 साल की लड़ाई में जितनी जान गई, 3 महीने में करीब उतनी ही मौतें अमरिका में हुई हैं।

अमेरिका के बाद यूके में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। यहां 37,460 लोगों की मौतों के साथ कुल 267,240 लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि यूके में मरीजों की संख्या रूस, स्पेन और ब्राजील से कम है। इसके बाद इटली, फ्रांस, जर्मनी, टर्की, ईरान, भारत जैसे देश सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

कोरोना वायरस से 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

अमेरिका: केस- 1,745,803, मौतें- 102,109
ब्राजील: केस- 4,14,661 , मौतें- 25,697
रूस: केस- 370,680, मौतें- 3,968
स्पेन: केस- 283,849, मौतें- 27,118
यूके: केस- 267,240, मौतें- 37,460
इटली: केस- 231,139, मौतें- 33,072
फ्रांस: केस- 182,913, मौतें- 28,596
जर्मनी: केस- 1,81,895, मौतें- 8,533
तुर्की: केस- 159,797, मौतें- 4,534
भारत: केस- 158,086, मौतें- 4,522