मुंबई : धारावी में 28 संक्रमित, दादर में 3 नए मामले

महाराष्ट्र कोरोना का हॉटस्पॉट बना हुआ है। देश की आर्थिक राजधानी के कई क्षेत्रों में कोरोना का खौफ पसर गया है। राज्य में शुक्रवार को 210 नए मामले सामने आए। इसके साथ महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या 1,574 हो गई है। वहीं, मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या 1008 तक पहुंच गई है। मुंबई में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना ने 10 लोगों की जान कोरोना के चलते चली गई। कोरोना के चलते मुंबई में मृतकों की संख्या 64 तक पहुंच गई।

धारावी में 28 संक्रमित


एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में शुक्रवार को छह लोग संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही धारावी में संक्रमितों की संख्या 28 तक पहुंच गई है। संक्रमण के जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से दो लोग दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीग-ए-जमात के मरकज गए थे। धारावी में एक दर्जन से ज्यादातर इलाके सील हैं। मुंबई में धारावी जैसी घनी बस्तियों पर सैनिटाइजर का छिड़काव करने के लिए सरकार ड्रोन का सहारा लेगी।

दादर में 3 नए मामले

दादर में शुक्रवार को तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सुश्रूषा अस्पताल की दो नर्सें संक्रमित पाई गई हैं। साथ ही एक 80 साल के बुजुर्ग में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। दादर में अब तक कोरोना के छह मरीज मिल चुके हैं। सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल सील कर दिया गया है। नर्सों के संपर्क में आए लोगों को क्वारेंटाइन किया जा रहा है।

एक तरफ जहां मुंबई में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है वही दूसरी तरफ एक और संकट बढ़ता जा रहा है। मेडिकल स्टाफ और अस्पताल की नर्सों के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद मुंबई के कई बड़े निजी अस्पताल बंद होते जा रहे हैं। शुक्रवार को शहर के अस्पतालों के 19 हेल्थ वर्कर कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी के साथ मेडिकल स्टाफ के संक्रमित होने का आंकड़ा लगभग 100 हो गया है। कोरोना के फ्रंटलाइन मेडिकल वर्करों के बीच संक्रमण बढ़ने के चलते मुंबई में प्राइवेट अस्पतालों से तत्काल रूप से सेफ्टी किट, अतिरिक्त वेतन और ट्रांसपोर्ट मुहैया कराने को कहा गया है। भाटिया अस्पताल के 14 कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिसमें 10 नर्सें, दो डॉक्टर और एक फिजियोथेरपिस्ट शामिल हैं। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।