महाराष्ट्र / कोरोना से एक दिन में 178 लोगों की हुई मौत, कुल मामले 1,10,744

भारत में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है महाराष्ट्र। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 178 लोगों की मौत हुई है। यह अब तक 1 दिन में होने वाली मौतों का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके साथ ही एक दिन में कोरोना के 2 हजार 786 नए मामले सामने आए इसके साथी ही यहां कुल मरीजों की संख्या 1,10,744 पर पहुंच गई है वहीं मौत के कुल आंकड़े की बात कर तो ये 4 हजार 128 हो गया है। महाराष्ट्र में अभी 50 हजार 554 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में 56 हजार 049 लोग कोरोना से ठीक होकर डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। वहीं मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस के 1 हजार 67 नए मामले सामने आए। साथ ही 58 लोगों की मौत हुई है। अब शहर में कुल केस की संख्‍या 59 हजार 293 हो गई है। वहीं 2 हजार 250 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। मुंबई में 26 हजार 910 एक्टिव केस हैं। मुंबई में रिकवरी रेट 60.80% है और महाराष्ट्र में रिकवरी रेट 50.61% है।
महाराष्‍ट्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों और उनसे हो रही मौतों के कारण हालात दिनोंदिन चिंताजनक होते जा रहे हैं। इस बीच महाराष्‍ट्र के पूर्व मुख्‍यमंत्री व बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनकी सरकार पर निशाना साधा है। फडणवीस ने आरोप लगाया कि राज्‍य सरकार कोरोना वायरस से हो रही मौतों का आंकड़ा दबा रही है। इसके संबंध में उन्‍होंने महाराष्‍ट्र सरकार को एक पत्र लिखा है। देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करके सवाल किए, 'मुंबई में कोविड 19 के कारण हुई 950 से अधिक मौतों को क्‍यों दबाया गया? ऐसी बड़ी लापरवाही क्‍यों की गई? फडणवीस ने पत्र में कहा है कि हमें जानकारी मिली है कि महाराष्‍ट्र में 451 ऐसी मौतें हुई हैं, जिन्हें कोविड 19 में शामिल नहीं किया गया है। ICMR के दिशा-निर्देश देखें तो ये सभी मौतें कोविड 19 से जुड़ी हुई थीं लेकिन डेथ ऑडिट कमेटी ने इसे कोविड में शामिल नहीं किया।उधर, मुंबई में अब रोजाना 100 विमान आ सकेंगे और यहां से उड़ान भर सकेंगे। कोरोना संक्रमण के बाद अभी तक यहां से 50 विमानों की ही आवाजाही हो रही थी। मुंबई एयरपोर्ट के पास एक दिन में एक हजार उड़ानों का ऑपरेशन हैंडल करने की क्षमता है। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच राज्य सरकार ने एयरपोर्ट प्रबंधन को 100 विमानों का ऑपरेशन हैंडल करने की इजाजत दी है।