महाराष्ट्र / कोरोना का कहर जारी, 24 घंटे में 328 नए केस, 11 मौतें, लॉकडाउन के नियम तोड़ने पर एक्टर एजाज खान गिरफ्तार

महाराष्ट्र में शनिवार को 328 नए करोना संक्रमित मरीज सामने आए। इसी के साथ राज्य में कुल मरीजों का आंकड़ा 3648 हो गया है। जिसमें से 2268 मामले सिर्फ मुंबई के ही हैं। मुंबई में कोरोना से अब तक 126 लोगों की जान जा चुकी है। यहां यह भी बता दें कि मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 5 लोग मारे गए हैं जबकि कोरोना के 184 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। महाराष्ट्र में आज 11 मरीजों ने दम तोड़ा। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 211 लोगों की जान जा चुकी है।

कोरोना वायरस ने भारतीय नौसेना को भी अपनी चपेट में ले लिया है। 21 नाविक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को मुंबई के कोलाबा में स्थित नौसेना अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी में भर्ती कराया गया है। आर्मी के बाद नौसेना में संक्रमण का पहला मामला है। नेवी ने बताया कि ये सभी एक नाविक के संपर्क में आए थे, जिसका 7 अप्रैल को टेस्ट पॉजिटिव आया था। नेवी का कहना है कि शिप्स और सबमरीन पर कोई संक्रमण का केस सामने नहीं आया है।

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में शनिवार सुबह 65 साल की महिला की मौत हो गई। जिले में यह तीसरी मौत है। तीन दिन पहले इसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

वहीं, इस बीच, उद्धव सरकार ने राज्य की 38 से ज्यादा चीनी के 1 लाख 31 हजार 500 मजदूरों को अपने गांव भेजने का फैसला किया है। यह लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। सरकार का कहना है कि जिन मजदूरों को राहत शिविरों में रहते हुए 14 दिन या उससे ज्यादा का समय हो गया है। इन सभी की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेजने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, मुंबई में लॉकडाउन के नियम तोड़ने और भड़काऊ बयान देने के आरोप में एक्टर एजाज खान को मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया।