कोरोना वायरस : देश में अब तक 266 मौतें, आज 5 की गई जान

भारत में सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना वायरस के कहर को रोक पाना मुश्किल होता जा रहा है। दिनभर दिन इस वायरस से संक्रमित होने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। देश में अब तक 7,684 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। वहीं मरने वालों की संख्या 266 हो गई। शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में 75, 66 और 52 साल के तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ शहर में अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है। ये तीनों कोरोना पॉजिटिव शहर के अलग-अलग अस्पताल में इलाज करा रहे थे। इनमें से दो को डायबिटीज समेत अन्य बीमारियां भी थीं। उधर, केरल में भी एक मौत हुई। यहां के कुन्नुर में 71 साल के व्यक्ति ने आखिरी सांस ली। इसे भी हार्ट और हाइपरटेंशन से जुड़ी बीमारियां थीं। एक अन्य मौत महाराष्ट्र में हुई। मुंबई के धारावी के रहने वाले एक 80 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वह मुंबई के कस्तूरबा हॉस्पिटल में भर्ती था। उसकी किडनी खराब थी। इसके साथ हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज भी थी। वहीं, शुक्रवार को देश में कोरोना की वजह से 29 लोगों की जान गई थी।

महाराष्ट्र में आज 92 पॉजिटिव मिले, अब तक 1666 केस

महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना के 92 नए मामले सामने आए। इसे मिलाकर राज्य में संक्रमितों की संख्या 1666 पर पहुंच गई है। फिलहाल, नए केस किस शहर के हैं। इस बारे में राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी नहीं दी है। इस बीच, अकोला में तब्लीगी जमात से जुड़े एक 30 साल के युवक ने गला काटकर आत्महत्या कर ली है। शुक्रवार को रिपोर्ट में उसे संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वह अकोला के हॉस्पिटल में भर्ती था। पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम जहरुल इस्लाम था। वह असम का रहने वाला था। सात अप्रैल अस्पताल में भर्ती हुआ था। उसका शव हॉस्पिटल के बाथरूम से बरामद हुआ। शव के पास एक ब्लेड मिला है। पुलिस का मानना है कि इसी से उसने अपना गला काटा होगा।

देश में 9 अप्रैल को हुई सबसे ज्यादा 34 मौतें

5 अप्रैल - 23 मौतें
6 अप्रैल - 21 मौतें
7 अप्रैल - 22 मौतें
8 अप्रैल - 27 मौतें
9 अप्रैल 34 मौतें
10 अप्रैल - 29 मौतें