कोरोना से देश में 24वीं मौत, संक्रमित मरीजों की तादाद पहुंची 1000 के पार

भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के शनिवार को अब तक के सबसे ज्यादा 179 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1000 के पार चली गई है। जबकि अब तक इस वायरस से 24 लोगों की जान गई है। इस विषाणु से अबतक महाराष्ट्र में 6, गुजरात में 4, कर्नाटक में 3, मध्य प्रदेश में 2 और तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में एक-एक शख्स की मौत हुई है।
BSF में मिला कोरोना पॉजिटिव अफसर

सीमा सुरक्षा संगठन यानी BSF में कोरोना पॉजिटिव का केस सामने आया है। मध्य प्रदेश के टनकपुर में तैनात एक BSF अफसर कोरोना पॉजिटिव मिला है। बताया जा रहा है कि अफसर की पत्नी 15 दिन पहले ब्रिटेन से लौटी थी। बहरहाल, यह अफसर 15 से 19 मार्च के बीच एडीजी, आईजी रैंक के अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर चुका है। अब सभी अफसरों को क्वारनटीन किया गया है।महाराष्‍ट्र में सबसे ज्‍यादा मामले

देश में अबतब कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं, जहां संक्रमितों की तादाद 180 पहुंच गई है, (जिसमें 3 विदेशी शामिल हैं)। इसके बाद दूसरे नंबर पर केरल है। इस राज्य में 8 विदेशियों समेत 176 लोगों को इस विषाणु ने संक्रमित किया है। तेलंगाना में 10 विदेशी नागरिकों समेत 56 लोग कोविड-19 से संक्रमित हैं। वहीं कर्नाटक में संक्रमितों की तादाद 55 है। राजस्थान में 54 लोग कोरोना वायरस से बीमार हैं, जिनमें दो विदेशी हैं। उत्तर प्रदेश में 55 मामलें रिपोर्ट हुए हैं जिसमें एक विदेशी है, जबकि गुजरात में एक विदेशी समेत 45 लोग संक्रमित हैं।

इटली में अब तक 10 हजार मौतें

इटली में मरने वालों की संख्या शनिवार को 10,000 के पार पहुंच गई है। कोरोना वायरस का कहर इटली में थमने का नाम नहीं ले रहा है। 28 मार्च को इटली में 969 लोगों की मौत हुई। इटली में 86,500 मामलों की पुष्टि हुई है। इधर, पाकिस्तान में अब तक कोरोना वायरस के करीब 12 हजार संदिग्ध मामले सामने आए है। पूरी दुनिया में 6 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।