कोरोना / ब्राजील में बिगड़े हालात, 24 घंटे में 1349 की मौत; कुल मौतों का आंकड़ा हुआ 32 हजार से ज्यादा

दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 65 लाख 67 हजार 260 हो गया है। इस दौरान कुल 31 लाख 64 हजार 346 लोग स्वस्थ हुए। 3,87,911 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में भी लगातार कोरोना वायरस के कहर का आंकड़ा बढ़ रहा है। अमेरिका में अबतक करीब साढ़े 18 लाख लोग कोरोना वायरस से पीड़ित हैं, जबकि 1 लाख 7 हजार से अधिक की मौत हो गई है। अमेरिका जैसे देश में तबाही मचाने के बाद अब कोरोना वायरस लैटिन अमेरिकी देशों में अपना कहर बरपा रहा है।

ब्राजील में कोरोना वायरस से पैदा हुई स्थिति अब बेकाबू होती हुई दिख रही है। ब्राजील में 24 घंटे में 1 हजार 349 लोगों ने दम तोड़ा है। यह दक्षिण अमेरिका का सबसे प्रभावित देश है। यह मरने वालों का कुल आंकड़ा 32 हजार 568 हो गया है, जबकि 5 लाख 84 हजार 562 लोग संक्रमित हो चुके हैं। यहां रोजाना 20 हजार से ज्यादा संक्रमित मामले सामने आ रहे है। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा मरीज यही हैं।

ब्राजील में मौजूद एक्सपर्ट्स की मानें, तो देश के आधिकारिक मामले काफी अधिक हो सकते हैं। अभी पूरी तरह से आंकड़े सामने नहीं आए हैं। ऐसे में यहां स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।

अगर पूरी दुनिया की बात करें तो अब अमेरिका, रूस, ब्राजील और भारत में तेज़ी से मामले बढ़ रहे हैं। इन चारों देशों में मिलाकर रोज करीब 50 हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। यूरोप के कई देशों में वायरस की रफ्तार धीमी पड़ी है, लेकिन इन देशों में बढ़ते मामले चिंता बढ़ा रहे हैं।

ब्रिटेन ने एक दिन में 359 लोगों की जान गई है और 1871 मरीज मिले हैं। यहां मौतों का कुल आंकड़ा 39,728 हो गया है। वहीं, 2 लाख 79 हजार 856 संक्रमित हो गए हैं। अमेरिका, ब्राजील, रूस और स्पेन के बाद ब्रिटेन पांचवा सबसे संक्रमित देश है।

मैक्सिको में 24 घंटे में 1 हजार 92 लोगों की जान गई है और 3 हजार 912 नए मामले मिले हैं। एक दिन पहले यहां 470 मौतें हुई थीं। देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख से ज्यादा हो गया है। वहीं, अब तक 11,729 लोगों की मौत हो चुकी है।