स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- 10 हजार लोग स्वस्थ... 12 दिन में डबलिंग... मृत्यु दर सबसे कम

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना पीड़‍ित रहे 10,632 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। एक मरीज विदेश चला गया है। सुबह के अपडेट के अनुसार, COVID-19 से जान गंवाने वालों की संख्या 1,301 हो गई है। वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या अब 39,980 तक पहुंच चुकी है। मंत्रालय के मुताबिक, 28,046 लोग अब भी कोविड-19 से संक्रमित हैं।

कोरोना वायरस से लड़ाई लड़ रहे भारत के लिए अच्छी खबर है कि यहां केसेज डबल होने में अब ज्‍यादा समय लग रहा है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री हर्षवर्धन के मुताबिक, भारत में इस बीमारी से मरने वालों की दर दुनिया में सबसे कम है। उन्‍होंने बताया कि अगर पिछले 14 दिन में डबलिंग रेट 10.5 दिन था तो आज यह करीब 12 दिन हो गया है। उन्‍होंने कहा कि हमारा मॉर्टलिटी रेट 3.2 प्रतिशत है जो कि दुनिया में सबसे कम है।
डॉ हर्षवर्धन ने कहा, 'कल हमने 10 लाख टेस्ट के आंकडे को पार किया और एक दिन में 74,000 के करीब टेस्ट किए। देश में 319 जिले ऐसे हैं जो बीमारी से प्रभावित नहीं है। 130 जिले हॉटस्पॉट हैं, 284 जिले नॉन-हॉटस्पॉट हैं। हमने हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन, पेरासिटामोल जैसी दवाई दुनिया के 99 देशों को सप्लाई की हैं।;

डॉ हर्षवर्धन ने कहा, 'आज 310 सरकारी और 111 निजी टेस्टिंग लैब विकसित हो चुकी हैं। जिस देश में PPE किट और N95 मास्क बाहर से आयात करने पड़ते थे, आज हम एक दिन में 2 लाख से ज्यादा PPE किट बना बना रहे हैं। 50 लाख से ज्यादा N95 मास्क और 20 लाख से ज्यादा PPE किट हम देश को बांट चुके हैं।'
आपको बता दे, कोरोना से कुल 1,301 मौतों में से सबसे ज्‍यादा 521 लोगों की जान महाराष्ट्र में गई है। 262 लोगों की गुजरात में, 151 मध्य प्रदेश में, राजस्थान में 65, दिल्ली में 64, उत्तर प्रदेश में 43 और पश्चिम बंगाल तथा आंध्र प्रदेश में 33-33 लोग जान गंवा चुके हैं। तमिलनाडु में मरने वालों की संख्‍या 29, तेलंगाना में 28 जबकि कर्नाटक में 25 हो गई है। महाराष्ट्र में 12,296 लोग कोरोना वायरस से पीड़ित हैं, जिनमें से 2,000 को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।