बस सियासत / प्रियंका बोलीं- भाजपा बसों पर अपने झंडे और पोस्टर लगा ले

मजदूरों के लिये कांग्रेस की तरफ से 1000 बसें चलाने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और योगी आदित्यनाथ सरकार के बीच मुद्दा गरमाता जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान, काम बंद हो जाने के कारण अपने अपने गृह राज्य लौट रहे प्रवासी श्रमिकों की मदद करने को लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए और उत्तर प्रदेश सरकार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मुहैया कराई गयी बसें चलाने की अनुमति देनी चाहिए।

'बस सियासत' करने की बजाए प्रियंका गांधी महाराष्ट्र, राजस्थान में मजदूरों की चिंता करें : भाजपा

प्रियंका ने यह भी कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर बसों को चलने दिया जाए। भाजपा चाहे तो बसों पर अपने झंडे और पोस्टर भी लगा दे। यह कहना चाहें कि, ये बसें उनकी हैं तो भी करें। लेकिन इन बसों का मजदूरों के हितों में इस्तेमाल होना चाहिए। प्रियंका ने दावा किया है कि, उन्होंने लॉकडाउन के बाद से यूपी के 67 लाख लोगों की मदद की है। इनमें 7 लाख लोग यूपी के बाहर फंसे थे।

प्रियंका ने कहा कि हम सबको अब अपनी जिम्मेदारी समझनी पड़ेगी। ये भारत के वो लोग हैं जो भारत की रीढ़ हैं। जिनके खून और पसीने से ये देश चलता है। अपने राजनीतिक स्वार्थ से परहेज कर हर किसी को सकारात्मक भाव से सेवाभाव से लोगों की मदद में शामिल होना चाहिए। आज चार बजे बॉर्डर पर खड़े इन बसों को 24 घंटे हो जाएंगे। अगर आपको इस्तेमाल करनी है तो इस्तेमाल करिए, हमें अनुमति दीजिए। अगर आपको भाजपा के झंडे और स्टीकर लगाने हैं, बेशक लगाइए। अगर आपको कहना है कि आपने उपलब्ध करवाई है तो वो भी कहिए। लेकिन इन बसों को चलने दीजिए।