उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार देर रात 11:45 बजे रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर भी मौत हो गई। जबकि चार जख्मी हो गए। इनमें से दो घायलों को इलाज के लिए मेरठ भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि 10 मजदूर पंजाब से बिहार जा रहे थे। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर घलौली चैकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचे थे कि तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया। फिलहाल रोडवेज बस के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस का नंबर यूपी 85 एटी-0911 है। ड्राइवर राजवीर फिरोजाबाद के सुहागनगर का रहने वाला है।
चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के वक्त कई मजदूर हाथ पर खाना रखकर खाते चले जा रहे थे। दरअसल, रास्ता लंबा था और अपनों से मिलने की जल्दी में इन लोगों ने दो रोटी के लिए रास्ते में कहीं रुकना मंजूर नहीं समझा हाथ पर ही खाना रखकर खाते चले जा रहे थे। फिर अचानक से ।बस के पहियों के बीच जिंदगी दबी और पल भर में सब कुछ बिखर गया। दुर्घटनास्थल पर जगह-जगह पूड़ी सब्जी बिखरी थी। इससे ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि मजदूर खाना खा रहे थे। उन्हें नहीं पता था कि इस रात की फिर सुबह नहीं होने वाली है।
आपको बता दे, महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर रोटी बिखरी थी। जहां 16 मजदूरों की रेल की टक्कर से मौत हो गई थी और 4 घायल हो गए थे। औरंगाबाद के करमाड स्टेशन के पास औरंगाबाद-जालना रेलवे ट्रैक पर यह हादसा हुआ था। यह मजदूर औरंगाबाद से उनके गांव जानेवाली ट्रेन पकड़ने के लिए जालना से औरंगाबाद पैदल जा रहे थे। लगभग 36 किलोमीटर पैदल चलने के बाद वे थक गए और आराम करने के लिए सटाना शिवार इलाके में रेलवे ट्रैक पर अपना बिस्तर लगा लिया और सो गए। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे एक मालगाड़ी ट्रैक पर सो रहे मजदूरों को कुचलते हुए गुजर गई। हादसे में 16 मजदूरों की जान चली गई। 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान
इस बीच मुजफ्फरनगर में हुए सड़क हादसे पर शोक जताते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक मदद देने के भी निर्देश दिए हैं। मृतकों के शव बिहार भिजवाने का इंतजाम भी किया जा रहा है। वहीं, मंडलायुक्त सहारनपुर को घटना की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।