दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने दिल्ली से सटे बॉर्डर को एक बार फिर सील कर दिया है। हरियाणा सरकार ने गुरुवार रात को ये फैसला लिया। पुलिस दिल्ली से आ रहे लोगों को गुरुग्राम में दाखिल होनें नहीं दे रही है। जिसके बाद बॉर्डर पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और यहां लंबा जाम लग गया। बता दें कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखकर हरियाणा सरकार एक्शन में आ गई है। गुरुवार को ही हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने इस आदेश को जारी किया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के साथ लगते जिले हरियाणा के लिए बहुत बड़ी चिंता है। हमारे 80% केस उन जिलों में है जो दिल्ली से सटे हैं। ऐसे में बेहद जरूरी है कि दिल्ली से सटे हरियाणा बॉर्डर को सील रखा जाए। अनिल विज ने दावा किया कि हरियाणा में रोज गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में केस बढ़ रहे हैं जिनका दिल्ली से सीधा संपर्क है। इसी के बाद बॉर्डर सील करने का फैसला लिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हरियाणा ने बॉर्डर को सील किया था, हालांकि बाद में खोल दिया गया था। लॉकडाउन 4.0 में केंद्र सरकार ने एक राज्य से दूसरे राज्य के सफर को अनुमति दी थी। लेकिन, इसके लिए दोनों राज्यों की सहमति जरूरी थी। हरियाणा में कोरोना मरीजों की संख्या 1504
हरियाणा में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 123 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1504 हो गई है। राज्य में अबतक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 800 से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं।दिल्ली के हालात चिंताजनक
वहीं, दिल्ली की बात करे तो यहां हालात बेहद चिंताजनक है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 1024 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। ये मामले दिल्ली में किसी एक दिन में आए कोरोना संक्रमितों के मामलों में सबसे ज्यादा हैं। इसके साथ ही दिल्ली में अब कोरोना संक्रमित मरीज़ों का आंकड़ा 16 हज़ार के पार चला गया है। राजधानी में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 16 हजार 281 हो गई है। बीते 24 घंटे में 13 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में अब तक 316 लोग कोरोना के कारण दम तोड़ चुके हैं। यहां पर कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 8470 है। पिछले 24 घंटे में 231 मरीज ठीक हुए हैं। दिल्ली में अब तक 7495 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। इससे पहले बुधवार को दिल्ली में कोरोना के 792 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे। और 15 लोगों की मौत हुई थी।