70 दिनों बाद चीन में इन शर्तों के साथ खुली कीड़ों की मार्केट

चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस आज पूरी दुनिया में कहर बरपा रहा है। दूसरे देशों में जहां कोरोना कहर बरपा रहा है वहीं चीन में हालात लगातार सामान्य हो रहे हैं। वहां की दुकानें और बाजार भी खुल रहे हैं। इसी बीच चीन के नानिंग में तले हुए कीड़ों की मार्केट भी खुल गई है। रिपोर्ट के मुताबिक झोंगशान रोड फूड स्ट्रीट को जनवरी के अंत में बंद कर दिया गया था। क्योंकि कोरोना वायरस के मामले लगातार सामने आ रहे थे। अब जब मामले कम हो रहे हैं और लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है तो इसे फिर से खोल दिया गया है।
डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह चीन की मशहूर फूड-स्ट्रीट की मार्केट है जो नानिंग में स्थित है। ये दुकानें कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण 70 दिनों तक बंद रहने के बाद खुली हैं। इन दुकानों पर बिच्छू, सेंटीपीड और अन्य तले हुए कीड़े बेचे जाते हैं। नानिंग स्थित इस मार्केट में रात को रोजाना तरह-तरह के स्नैक्स और व्यंजन दिए जाते हैं, जिनमें ग्रिल्ड ऑक्टोपस, मसालेदार क्रेफ़िश, उबली हुए पकौड़ी और चावल के केक भी शामिल हैं। लेकिन इसकी जो चीज सबसे मशहूर डिश है, वह है इसके तले हुए कीड़े। स्टॉल्स मकड़ियों से लेकर रेशम के कीड़ों तक सभी तरह के पके हुए कीड़े यहां के मशहूर हैं।

यह पूरी फूड स्ट्रीट शहर में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है और हर दिन शाम को 6 बजे से लेकर तड़के सुबह तक खुली रहती है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पहले यहां लोगों की भीड़ लगी रहती थी लेकिन अब ज्यादा से ज्यादा 3000 लोगों को जाने की इजाजत है।
इन शर्तों पर खुली दुकानें

यहां के दुकानदारों के लिए नियम भी बनाए गए हैं। उन्हें बारी-बारी से स्टॉल खोलने की इजाजत है और सोशल डिस्टेंसिंग भी बनाए रखना है। एक-दूसरे के बीच करीब 2 मीटर की दूरी रखना अनिवार्य है। इसके साथ ही जो लोग इस मार्किट में खरीददारी करने आ रहे है उनका पहले टेस्ट हो रहा है। उन्हें एक आधिकारिक ऐप भी यूज करना होगा। इसके अलावा सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।

इस फूड स्ट्रीट के बारे में चीनी लोगों का मानना है कि कीड़ों में प्रोटीन की मात्रा ज्यादा होती है और यही कारण है कि यह ज्यादा फेमस हो गया है। इस बाजार में दुकानों के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।बता दे, चीन के वुहान शहर में स्थित वेट मार्केट एक ऐसी जगह है जहां अजगर, कछुए, गिरगिट, चूहे, चीते के बच्चे, चमगादड़, पैंगोलिन, लोमड़ी के बच्चे, जंगली बिल्ली, मगरमच्छ जैसे जानवरों का मीट बिकता है। कहा जा रहा है कि इसी मार्किट से कोरोना वायरस पूरी दुनिया में फैला है।