कोरोना वायरस : केजरीवाल ने कहा - कोई कम्युनिटी स्प्रेड नहीं, स्थिति नियंत्रण में

दिल्ली में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 120 हो गई। इन 120 मामलों में 24 लोग वे हैं जिन्होंने निजामुद्दीन में एक धार्मिक सभा में भाग लिया था। अब तक यहां 5 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है, 2 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में 3 डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। एक मौजपुर मोहल्ला क्लिनिक, दूसरा बाबरपुर मोहल्ला क्लिनिक और तीसरा दिल्ली कैंसर इंस्टीट्यूट के डॉक्टर संक्रमित हुए हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल​ ने कहा मरकज से निकाले गए लोगों में से 536 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। 1810 लोगों को आइसोलेशन या क्वारंटाइन में रखा गया है। कुल मिलाकर मकरज से 2346 लोगों को बाहर निकाला गया है।

दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कहा- 120 कोरोना संक्रमित लोगों में से 49 लोग यात्री हैं, 24 मरकज के हैं और 29 लोग यात्रियों के करीबी संपर्क वाले हैं। अब तक कोई कम्युनिटी स्प्रेड नहीं हुआ है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि हम कोरोना संदिग्धों के सेलफोन स्थान पर नज़र रख रहे हैं। संदिग्ध व्यक्ति से संपर्क करने वाले सभी लोगों को ट्रैक किया जा रहा है और तुरंत उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है।