देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2,97,535 हो गई है। 24 घंटे में पहली बार 11 हजार के करीब मामले मिले हैं और 400 के करीब मरीजों की जान गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा अपडेट के मुताबिक, 24 घंटे में कोरोना के 10,956 केस मिले हैं और 396 मरीजों की जान गई है। देश में कोरोना के अब एक लाख 41 हजार 842 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक देशभर में 8498 मरीजों की मौत हो गई है। वहीं, एक लाख 47 हजार 194 लोग ठीक भी हुए हैं।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में सर गंगाराम अस्ताल के वाइस चेयरमैन डॉ. एसपी बयोत्रा ने शुक्रवार को चेताया कि संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर जल्द अंकुश लगती नजर नहीं आ रही है, बल्कि कोरोना के मामलों में जुलाई की शुरुआत, मध्य या अगस्त तक और बढ़ोतरी के आसार हैं। इससे बचाव के लिए टीके को लेकर जारी तमाम रिसर्च और दावों के बीच उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अगले साल की पहली तिमाही तक इस दिशा में कोई खास प्रगति होने जा रही है।
बता दे, कोरोना संक्रमितों की संख्या भारत में 2 लाख 98 हजार 238 हो गई है। गुरुवार को 11 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े और रिकॉर्ड 393 लोगों की जान गई। देश में कुल मरने वालों की संख्या 8 हजार 502 तक पहुंच गई है। गुरुवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले। महाराष्ट्र में 3 हजार 607 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 152 ने जान गंवाई। यहां कुल 97 हजार 648 मरीज हो गए। वहीं दिल्ली में 1 हजार 877 मरीज मिले और 101 मौते हुईं। इसी के साथ राजधानी में संक्रमितों की संख्या 34 हजार 687 हो गई। दिल्ली में अब तक कोरोना से 1 हजार 85 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत मरीजों के मामले में स्पेन (2.89 लाख) और ब्रिटेन (2.91 लाख) से आगे निकल गया। अब हम दुनिया में चौथे नंबर पर आ गए हैं। भारत से आगे अब सिर्फ तीन देश बचे हैं- अमेरिका, रूस और ब्राजील। अगर इसी तरह भारत में संक्रमण के मामले बढ़ते रहे तो कुछ ही दिनों में भारत दुनिया में दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन जाएगा।