हरियाणा : पानीपत अस्पताल से भागे दो जमाती, तलाश जारी

हरियाणा में लगे लॉकडाउन के बीच पानीपत के सामान्य अस्पताल से दो जमाती भाग गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पानीपत में सिविल अस्पताल से भागे दोनों जमातियों को शुक्रवार रात ही लाया गया था। सैंपल लेने के लिए इन्हें निगरानी में रखा गया था, लेकिन शनिवार तड़के करीब तीन बजे वे अस्पताल की खिड़की तोड़कर भाग गए। जिसके बाद सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। घटना के बाद अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सिटी थाना पुलिस दोनों जमातियों को खोज रही है। सीएमओ डॉ. संतलाल ने मामले की पुष्टि की। मिली जानकारी के अनुसार, पानीपत बॉर्डर से दो जमाती पकड़कर लाए गए थे। इनकी पहचान असंध निवासी शफीक अहमद और दिल्ली के दरियागंज निवासी मोहम्मद शाहरुख के रूप में हुई। ये दोनों निज़ामुद्दीन मरकज के जमातियों के संपर्क में आए थे।

पानीपत बॉर्डर से पुलिस ने कुल 15 लोगों को पकड़ा था और ईएसआई अस्पताल में क्वारंटीन किया था। इन सभी के सैंपल शनिवार की सुबह लिए जाने थे, लेकिन देर रात ही इन दोनों जमातियों ने अपने कमरे की खिड़की के शीशे तोड़े और दूसरी मंजिल से कूदकर भाग गए। स्वास्थ्य विभाग ने 13 जमातियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।