तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने PM मोदी से की अपील, 2 हफ्ते और बढ़ाया जाए लॉकडाउन

कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया समेत भारत में भी कोहराम मचा रखा है। दुनियाभर में इस बीमारी से हजारों मौतें हुई हैं। भारत में भी इस वायरस ने 111 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अब तक 4,281 मामले सामने आ चुके हैं। अच्छी बात ये है कि 318 लोग इस जानलेवा वायरस को मात देकर अपने घर जा चुके हैं। इस वायरस से निपटने के लिए देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू है। ऐसे में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि 15 अप्रैल को समाप्त हो रहे 21 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन का विस्तार किया जाए। उन्होंने 2 और सप्ताह तक लॉकडाउन के विस्तार का सुझाव दिया है। उन्होंने BCG रिपोर्ट से एक संदर्भ लिया है, जिसमें सुझाव दिया गया कि भारत में 3 जून तक लॉकडाउन अच्छा रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि इसे आगे भी जारी रखा जाए क्योंकि कोरोना वायरस से जंग में भारत के पास यही एक हथियार है। उन्होंने कहा कि अगर इससे इकोनॉमी का कोई नुकसान होता है, तो उसकी भरपाई कर ली जाएगी लेकिन जानें गईं तो उन्हें नहीं लौटाया जा सकता।
KCR ने कहा, 'हम खराब अर्थव्यवस्था को उभार सकते हैं, लेकिन हम लोगों के जीवन को वापस नहीं ला सकते। लॉकडाउन एकमात्र हथियार है। मेरा प्रस्ताव है कि लॉकडाउन को कम से कम एक या दो सप्ताह तक बढ़ाया जाए।' केसीआर ने राज्य में कोरोनो वायरस से लड़ने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों को 10% विशेष प्रोत्साहन देने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, तेलंगाना में अब तक कुल 321 कोरोना के मामले हैं। 7 लोगों की मौत हो चुकी है।