रूस में कोरोना वायरस संक्रमण के बृहस्पतिवार को 8 हजार 371 नए मामले सामने आये जिससे देश में वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 3 लाख 79 हजार पर पहुंच गई। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में रूस अमेरिकी और ब्राजील के बाद दुनिया में तीसरे स्थान पर है।
रूस सरकार के कोरोना वायरस निरोधक कार्यबल ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण के देश भर में 8 हजार 371 नये मामले सामने आये हैं। यह आंकड़ा कल के बराबर है और इस महीने की शुरूआत में एक दिन में आये सर्वाधिक ग्यारह हजार मामलों से कम है।
अधिकारियों ने बताया कि ताजा मामलों के साथ ही देश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 379,000 पर पहुंच गई है। कोरोना वायरस के आंकड़ों के लिहाज से रूस अब दुनिया भर में अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि देश भर में कोरोना के कारण 174 और लोगों की मौत हुयी। इसी के साथ देश में मृतकों की संख्या 4,142 हो गयी है और 1 लाख 50 हजार 993 लोग स्वस्थ हुए हैं।
महामारी को देखते हुए रूस ने ब्रिक्स( ब्राजील, रूस, इंडिया, चीन और दक्षिण अफ्रीका) समूह और शंघाई कोऑपरेशन आर्गनाइजेशन (एससीओ) समिट स्थगित कर दिया। ये दोनों समिट इस साल रूस की अध्यक्षता में होने वाले थे। महामारी की स्थिति को देखते हुए एससीओ और ब्रिक्स समिट की अगली तारीख सदस्य देशों को बताई जाएगी।