पंजाब के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी कोविड-19 (Covid-19) की मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, राज्य के 6696 लोग ऐसे देशों से लौटे हैं, जहां कोरोना वायरस का संक्रमण था। इनमें से अभी तक 6011 यात्रियों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। लेकिन इनमें से 335 लोगों का पता नहीं चल पा रहा है। राज्य सरकार ने बताया कि इन लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर में अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस के पांच संदिग्ध मरीज अस्पताल से भाग गए हैं। देर रात हुई इस घटना के बाद शहर में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मरीजों की तलाश जारी है। कोरोना के मरीजों के अस्पताल में भागने की खबर के बारे में जानकारी देते हुए जोनल डीसीपी राहुल मकनिकर ने बताया कि पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है और पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। संदिग्धों की स्थिति क्या थी अभी इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित 17 मरीजों की पुष्टि की जा चुकी है।
बता दे, चीन से फैला कोरोना वायरस अब भारत में अपने पैर पसार रहा है। भारत में कोरोना वायरस के 83 मामले सामने आ चुके है। जिसमें 66 भारतीय हैं जबकि 17 विदेशी नागरिक हैं। कुल 83 मामलों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कोरोना से संक्रमित हुए 10 लोग (केरल-3, दिल्ली-7) ठीक होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।