महाराष्ट्र / 24 घंटे में मिले कोरोना के 5493 मरीज, राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 1.63 लाख के पार

महाराष्ट्र में नहीं थम रहा कोरोना का कहर। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 5 हजार 493 नए मामले सामने आए। यह अब तक किसी भी राज्य में एक दिन में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। यह जानकारी रविवार देर शाम जारी रिपोर्ट में दी गई। बता दें कि शनिवार को भी राज्य में 5 हजार 300 से ज्यादा मरीज मिले थे। राज्य में कुल मरीजों की संख्या 1 लाख 63 हजार 579 हो गई है। वहीं, आज रविवार को 156 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही राज्य में कुल मौतों की संख्या 7 हजार 429 हो गई है। मुंबई में 24 घंटे में 1 हजार 287 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, जबकि 87 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में अब तक कुल केस 75 हजार 539 और कुल मौत 4 हजार 371 हो गई हैं।

नवी मुंबई महानगरपालिका ने आदेश दिया है कि रोगियों की संख्या बढ़ने की वजह से 29 जून से 5 जुलाई तक पूरे शहर में लॉकडाउन लागू करने का आदेश जारी किया गया है। नवी मुंबई में कोरोना रोगियों का आंकड़ा 5 हजार के पार पहुंच चुका है और 194 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस बारे में बैठक ली है।

महाराष्ट्र में 100 दिन बाद आज से सलून, स्पा, ब्यूटी पार्लर खुल गए हैं। राज्य सरकार ने इन दुकानों को कुछ दिशा-निर्देशों के साथ खोलने की अनुमति दी है। दुकानों को पूर्व निर्धारित अपॉइंटमेंट के आधार पर चलाने की इजाजत मिली है। सलून में सरकार की ओर से निर्धारित की गईं सावधानियों के साथ बाल काटने, हेयर डाइंग, वैक्सिंग, थ्रेडिंग को अनुमति है।

जबकि दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को दस्ताने, एप्रन और मास्क पहनना होगा। हर कस्टमर को सर्विस देने के बाद कुर्सियों को सैनिटाइज करना अनिवार्य होगा। दुकानदार को ग्राहकों के लिए तौलिया या नैपकिन का इंतजाम करना होगा। साथ ही दुकान के फर्श को हर दो घंटे में साफ करना होगा।