थम नहीं रही कोरोना की रफ्तार, 24 घंटे में महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में मिले 1.5 लाख नए मरीज

देश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का कहर लगातार जारी है। यह दिनों दिन और विकराल होता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में महाराष्‍ट्र, कर्नाटक और केरल में मिलाकर करीब 1.5 लाख नए मरीज मिले। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में महाराष्‍ट्र में कोरोना संक्रमण के 57,640 नए केस सामने आए हैं। वहीं इसी दौरान राज्‍य में 920 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में राज्‍य में 57,006 लोगों को कोरोना से ठीक होने के बाद अस्‍पताल से छुट्टी दी गई है। इसके बाद महाराष्‍ट्र में कोरोना संक्रमण के कुल केस बढ़कर 48.80 लाख हो गए हैं। साथ ही कुल मौतें 72,662 हो गई हैं। अब महाराष्‍ट्र में कोरोना के सक्रिय केस बढ़कर 6.41 लाख हो गए हैं।

मुंबई में 24 घंटे के दौरान 3,879 नए कोरोना केस आए। इस दौरान 77 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही 3686 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। शहर में अब 51,472 कोरोना के सक्रिय केस हैं। वहीं मौतों का आंकड़ा बढ़कर 13,547 हो गया है। शहर में अब तक कोरोना के कुल 6.65 लाख केस सामने आए हैं।

वहीं कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 50 हजार 112 नए कोरोना केस सामने आए हैं। इसी दौरान राज्‍य में 346 लोगों की मौत हुई है। साथ ही 26 हजार 841 लोगों को कोरोना से ठीक होने के बाद अस्‍पताल से छुट्टी दी गई है। राज्‍य में कुल कोरोना केस बढ़कर अब 17.41 लाख हो गए हैं। वहीं कुल सक्रिय केस अब 4.87 लाख हैं। राज्य में 16 हजार 884 मौतें हो चुकी है।

वहीं केरल में एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 41 हजार 953 नए कोरोना केस सामने आए हैं। 24 घंटे में राज्‍य में 58 लोगों की मौत हुई है। राज्‍य में 3.75 लाख सक्रिय कोरोना केस हैं। केरल में अब तक 5,566 मरीजों की मौत हो चुकी है।