महाराष्ट्र / संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार, 24 घंटे में मिले 3 हजार से ज्यादा मरीज

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 38 हजार 530 हो चुकी है। रविवार को देशभर में रिकॉर्ड 7000 से ज्यादा मरीज मिले, 3283 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। महाराष्ट्र में भी 24 घंटे में सबसे ज्यादा 3041 मरीज मिले। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इससे पहले उद्धव सरकार में मंत्री जितेंद्र अव्हाड़ कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जितेंद्र अव्हाड़ के 14 निजी स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इन 14 स्टाफ में 5 पुलिस कॉन्स्टेबल थे, जो उनकी सुरक्षा में तैनात थे, जबकि बाकी 9 लोगों में उनके निजी स्टाफ, घर के नौकर और पार्टी के कार्यकर्ता शामिल थे। राज्य में अब संक्रमितों की संख्या 50 हजार के पार हो गई है।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 3041 केस मिले हैं जबकि इस अवधि में 58 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1635 हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 50 हजार 231 हो चुकी है। महाराष्ट्र में फिलहाल 33 हजार 988 सक्रिय केस हैं।

कोरोना वायरस के संक्रमण के लिहाज से मुंबई के हाल बेहाल है। शहर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 30 हजार के अंक को पार कर गया है। मुंबई में संक्रमितों का आंकड़ा 30 हजार 542 हो चुका है जबकि 988 लोग इस जानलेवा वायरस की चपेट में आने से दम तोड़ चुके हैं। मुंबई में बीते 24 घंटे में 1 हजार 725 नए केस सामने आए हैं। वहीं इस अवधि में 39 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।