महाराष्ट्र / 2 लाख 16 हजार हुई कोरोना मरीजों की संख्या, अब तक 9,250 लोगों की हुई मौत

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 5134 नए मरीज मिले। वहीं, 224 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 लाख 16 हजार 76 हो गई है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 9 हजार पार चला गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक राज्य में 9 हजार 250 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात यह है कि 1,18,558 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। बीते 24 घंटे में 3 हजार 296 मरीज ठीक हुए हैं। 89 हजार 294 मरीजों का इलाज चल रहा है।

मुंबई में अब तक 86 हजार 509 लोग कोरोना संक्रमित हुए। बीते 24 घंटे में 685 नए मामले मिले। मुंबई में अब तक कोरोना से 5 हजार 2 लोगों की जान गई है। बीते 24 घंटे में 64 लोगों की जान गई है।

महाराष्ट्र में अब तक 11 लाख 35 हजार 447 लोगों का टेस्ट हुआ है, जबकि यहां की कुल आबादी 11 करोड़ से ज्यादा है। फिलहाल, प्रदेश में 6 लाख 15 हजार 265 मरीजों को होम क्वारैंटाइन में रखा गया है, जबकि 46 हजार 355 लोगों को संस्थागत क्वारैंटाइन में रखा गया है।

मुंबई पुलिस के एक और जवान ने कोरोना संक्रमण से रविवार को दम तोड़ दिया। सहायक उप निरीक्षक (43) भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन के सामान्य विभाग में तैनात थे। एएसआई का करीब एक महीने से इलाज चल रहा था। संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले पुलिसवालों की संख्या 43 हो गई है।