महाराष्ट्र / 4878 नए मरीजों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या हुई 1.74 लाख; अब तक 7855 लोगों की हुई मौत

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4 हजार 878 नए मरीज सामने आए। इसके साथ ही राज्य में कुल मरीजों की संख्या 1 लाख 74 हजार 761 हो गई है। वहीं, आज राज्य में 245 लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल 7 हजार 855 लोग अपनी जान कोरोना के चलते गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र में आज 1 हजार 951 कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर भी गए हैं। इसी के साथ कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 90 हजार 911 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र में लॉकडाउन की मियाद 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। सोमवार को जारी राज्य सरकार के नोटिफिकेशन में नियमों और पाबंदियों में फिलहाल कोई छूट नहीं दी गई है। मिशन बिगिन अगेन के तहत राज्य सरकार के सभी विभागों को पहले जारी की गई गाइडलाइंस का सख्ती से पालने करने के निर्देश दिए गए हैं। Unlock-1 में दी गई रियायतें जारी रहेंगी। सरकार सैलून, ब्यूटी पार्लर और स्पा को शर्तों के साथ खोलने की इजाजत पहले ही दे चुकी है।

लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फर्जी खबर प्रसारित करने एवं अफवाह फैलाने के मामले में महाराष्ट्र साइबर विभाग ने 500 से अधिक लोगों पर केस दर्ज किये हैं। इस संबंध में अब तक 265 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सोमवार तक लगभग 510 मामले दर्ज किये गये हैं। उन पर सोशलमीडिया मंच जैसे टिक टॉक, व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर एवं इंस्टाग्राम पर लॉकडाउन के दौरान फर्जी समाचार एवं गलत सूचना प्रसारित करने तथा अफवाह फैलाने का आरोप है।

दुनिया के सबसे बड़े प्लाजमा थेरेपी का ट्रायल महाराष्ट्र में शुरू हो गया है। इसका उद्देश्य मुंबई के 4 अस्पतालों समेत महाराष्ट्र के 21 मेडिकल कॉलेजों में कोरोना के 500 मरीजों की जान बचाना है। सीएम उद्धव ठाकरे ने सोमवार को ‘प्लेटिना’ नाम के इस प्रॉजेक्ट का वर्चुअल उद्‌घाटन किया। इन सभी को 200 मिली प्लाज्मा की दो डोज दी जाएगी।