महाराष्ट्र में कोरोना विस्फोट, 24 घंटे में सामने आए 3390 नए मरीज, 120 लोगों की हुई मौत

देश में सबसे ज्यादा कोरोना मरीज महाराष्ट्र में सामने आए हैं। ताजा आंकड़ों के बाद महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 1 लाख 7 हजार 958 पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में 3 हजार 390 नए मरीज सामने आए हैं और 1 हजार 632 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 50 हजार 978 पहुंच गई है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा प्रभावित आर्थिक राजधानी मुंबई है। मुंबई में कोरोना के 1 हजार 39 नए मामले सामने आए हैं और 24 घंटे में 79 लोगों की मौत हुई है। अगर पूरे राज्य की बात करें तो 24 घंटे में 120 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवाई है। वहीं मुंबई में आज 69 मरीजों की मौत हुई इसके साथ ही यहां मरने वालों की संख्या 2 हजार 182 हो गई है। मुंबई में एक्टिव पेशंट 29 हजार 50 और महाराष्ट्र में 53 हजार 17 हैं।
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार कोरोना पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक सरकार का कोई प्रयास कामयाब होता नजर नहीं आ रहा है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच एक अहम बैठक हुई थी। मुंबई का टेस्ट पॉजिटिव रेट अब बाकी महाराष्ट्र की तुलना में ज्यादा है। मई की शुरुआत में मुंबई का टेस्ट पॉजिटिव रेट 15.46 था जबकि महाराष्ट्र का 23.80 था। फिलहाल 9 जून, 2020 के आंकड़े के मुताबिक, मुंबई का टेस्ट पॉजिटिव रेट 31.7 है, जबकि बाकी महाराष्ट्र में टेस्ट पॉजिटिव रेट 27.6 है।मुंबई में भर चुके 99% आईसीयू बेड

देश में कोरोना की सबसे भीषण मार झेल रहे मुंबई शहर में 99% आईसीयू बेड भर चुके हैं। अब तक शहर के 94% वेंटिलेटर उपयोग में लाए जा चुके हैं। बृहनमुंबई महानगर पालिका ने यह जानकारी दी है। 11 जून तक मुंबई शहर में 1 हजार 181 आईसीयू बेड मौजूद थे, इनमें से 1 हजार 167 बेड मरीजों से भर चुके हैं। नए मरीजों के लिए केवल 14 बेड शेष बचे हैं। वहीं, वेंटिलेटर मशीनों की बात करें तो 530 मशीनों में से 497 वेंटिलेटर अभी उपयोग में है। बीएमसी ने बताया कि ऑक्सीजन बेड भी करीब 76% भर चुके हैं। राज्य में 5 हजार 260 ऑक्सीजन बेड्स में से 3 हजार 986 भर चुके हैं।