महाराष्ट्र में गुरुवार रात को जारी रिपोर्ट के अनुसार आज संक्रमण के 3607 नए मामले सामने आए है। वहीं 152 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 97 हजार 648 हो गई है। राज्य में अब तक मरने वालों की संख्या 3590 हो गई है। मुंबई में 24 घंटे में 1418 नए मरीज मिले, जबकि 97 कोरोना मरीजों की जान गई। मुंबई में अब तक कुल केस 54 हजार 85 और कुल मौत 1 हजार 954 हो गई हैं। वहीं 1,561 मरीजों को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। इसी के साथ संक्रमण से ठीक होने वाले रोगियों का आकंड़ा 44,078 हो गया है। राज्य में बीमारी का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 47,968 है। राज्य में अबतक 6,09,317 नमूनों की जांच की गई है।
बीएमसी कमिश्नर आईएस चहल ने बताया कि मुंबई में कोरोना पॉजिटिव का डबलिंग रेट कम हुआ है, जो एक राहत की बात है। इसके साथ डेथ रेट भी राष्ट्रीय औसत के बराबर 3 प्रतिशत के करीब है। पिछले 20 दिन के अंदर मुंबई में डायलिसिस न मिलने की वजह से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। चहल ने बताया कि अगले 10 दिन में मुंबई को 300 अतिरिक्त आईसीयू बेड मिल जाएंगे। मुंबई में डेशबोर्ड पर एक हजार आईसीयू बेड हैं। इनमें 300 बेड की बढ़ोतरी हो जाएगी। मुंबई में 7 हजार 600 बेड पर कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। अब भी पोर्टल पर 10 हजार 400 बेड मौजूद बताए जा रहे हैं। चहल ने बताया कि कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखकर बेड की संख्या बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने थोड़े समय में कोविड-19 रोगियों के उपचार के लिए पर्याप्त संख्या में स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं स्थापित करने में सफलता प्राप्त की है। ठाकरे पुणे में हिंजावाडी आईटी पार्क में विप्रो लिमिटेड द्वारा विकसित एक कोविड-19 देखभाल केंद्र के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा, 'कोविड-19 के प्रकोप के शुरुआती चरण के दौरान राज्य में स्वास्थ्य देखभाल का बुनियादी ढांचा पर्याप्त नहीं था। लेकिन अब हम पर्याप्त संख्या में सुविधाएं विकसित करने में सफल रहे हैं।' स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि इस अत्याधुनिक सुविधा केंद्र से लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा, 'सरकार राज्य के ग्रामीण इलाकों में भी इसी तरह की सुविधाएं बढ़ाने पर धनराशि खर्च करेगी।'