महाराष्ट्र / रविवार को कोरोना के मामलों में आया जबरदस्त उछाल, राज्य में 33053 संक्रमित

महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में रविवार को जबरदस्त उछाल आया है। राज्य में रविवार को रिकॉर्ड कोरोना के 2347 नए मामले सामने आए। वहीं, आज 63 लोगों की मौत इस वायरस से हुई हैं। इसके साथ ही इस वायरस से मरने वालों की संख्या 1198 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र में संक्रमितों की कुल संख्या 33053 हो गई है। महाराष्ट्र में आज 600 लोग इस वायरस से ठीक ही है। मुंबई में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 हजार से ज्यादा हो गई है। मुंबई में अब कोरोना के 20150 संक्रमित मरीज हैं। मुंबई में आज कोरोना के 1595 नए मामले सामने आए है। यहां 734 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य सरकार ने कंटेनमेंट एरिया में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ा दिया है।

17 मार्च को हुई थी पहली मौत

राज्य में 17 मार्च को संक्रमण से पहली मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद 13 अप्रैल यानी 24 दिनों में मृतकों की संख्या 100 तक पहुंच गई। हालांकि, इसके बाद कोरोना से होने वाली मौत की संख्या बेहद तेजी से बढ़ी। करीब 34 दिनों में ही मौत की संख्या 10 गुना बढ़कर 1000 तक पहुंच गई। इनमें से 55 प्रतिशत मौतें मई महीने के 14 दिनों के अंदर हुई हैं। मृतकों की संख्या 800, 900 और अब एक हजार की संख्या तक पहुंचने में महज 2-2 दिन का समय लगा।

मौत - तारीख - कितने दिन
पहली मौत - 17 मार्च
100 मौतें - 10 अप्रैल - 24 दिन
500 वीं मौत - 03 मई - 24 दिन
800 वीं मौत - 10 मई - 07 दिन
900 वीं मौत - 12 मई - 02 दिन
1000 वीं मौत - 14 मई - 02 दिन

महाराष्ट्र में कोरोना संकट में लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को कुछ आराम देने के लिए मुंबई, पुणे, मालेगांव, अमरावती समेत अन्य शहरों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती हो गई है। राज्य के सबसे कोरोना प्रभावित शहर मुंबई और पुणे में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती शुरू हो गई है। पुणे में शनिवार को सुरक्षा बलों ने शहर के कुछ इलाकों में पैदल मार्च भी किया। राज्य सरकार की मांग पर केंद्र ने केंद्रीय सुरक्षा बल की 20 कंपनियां महाराष्ट्र भेजी हैं।