इंदौर / कुल 4,329 संक्रमित, अब तक कोरोना से 197 मरीजों की हुई मौत; 24 घंटे में मिले 41 नए मरीज

इंदौर में शनिवार को कोरोना के 41 नए मरीज मिले, जबकि 4 मरीजों की मौत हो गई। इसके बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 197 हो गई है। इंदौर के चीफ मेडिकल ऑफिसर एमपी शर्मा ने बताया कि पिछले 1 हजार 788 सैंपल्स की जांच में 1 हजार 729 सैंपल निगेटिव मिले। इधर, कुछ दिन पहले सऊदी अरब से लौटा एक 30 वर्षीय युवक भी संक्रमित मिला। उसे अरबिंदो अस्पताल में भर्ती किया है। होटल स्टाफ रिपोर्ट आने के बाद से दहशत में है। उधर, स्वास्थ्य संचालनालय ने प्रदेश में Covid-19 से हुई मौतों की समीक्षा की है। इसमें यह बात सामने आई कि समय पर इलाज नहीं मिलने से कई लोगों की मौत हुई है। यदि समय रहते सतर्कता बरती जाती तो उन्हें बचाया जा सकता था।
शनिवार रात आई रिपोर्ट के अनुसार, इंदौर जिले में कोरोना पॉजिटव मरीजों की संख्या बढ़कर 4329 पर पहुंच गई है। इनमें से 3 185 मरीज पूरी तरह ठीक हो गए हैं। वर्तमान में 947 एक्टिव केस हैं। 20 जून तक 71 हजार 397 सैंपलों की कोरोना जांच की जा चुकी है। रविवार सुबह जिले में रिकवरी 73.5% पहुंच गया है। इन सबके बावजूद जिले में मरने वालों का औसत 4.55% है जो कि राष्ट्रीय औसत से भी ज्यादा है।उधर, मानपुर के जाफराबाद गांव में सैंपलिंग करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम से ग्रामीणाें ने विवाद किया। जाफराबाद गांव में काेराेना संक्रमण से एक महिला की माैत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां सैंपल लेने पहुंची थी। मृतका के परिवार के कुछ लाेगाें ने टीम पर अन्य लोगों के भी सैंपल लेने का दबाव बनाया। इनकार करने पर टीम के साथ विवाद किया। टीम विवाद बढ़ता देख सैंपलिंग अधूरी छाेड़ लाैट गई। मानपुर टीआई हितेंद्रसिंह राठौर ने बताया मामले में मृतका के बेटे पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। सबसे पहले कोविड-19 केस की पहचान इंदौर में 24 मार्च को हुई थी। 24 मार्च को कोरोना के 4 मरीजों की पुष्टि हुई थी।

बता दे, मध्य प्रदेश में शनिवार रात तक कोरोना के 142 नए केस मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 11 हजार 742 हो गई। 132 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अब तक 8 हजार 880 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में कुल 6 हजार 523 सैंपल की जांच में 142 कोरोना संक्रमित मिले, जबकि 6 हजार 381 की रिपोर्ट निगेटिव आई। प्रदेश में 504 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। शनिवार को इंदौर में सबसे ज्यादा 42 नए केस मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 4 हजार 288 पहुंच गई। इसी तरह भोपाल में 20 नए केस मिले। यहां अब तक 2 हजार 457 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।