कोरोना देश में : 18 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े, CM उद्धव ठाकरे बोले- महाराष्ट्र में Corona की दूसरी लहर बर्दाश्त नहीं

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 85 लाख 13 हजार 11 हो गया है। इनमें 5 लाख 13 हजार 337 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 78 लाख 71 हजार 645 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 26 हजार 201 मरीजों की मौत हो चुकी है। ओडिशा में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया है। अब तक यहां 3 लाख 140 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 2 लाख 85 हजार 174 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1463 मरीजों की मौत हो चुकी है। शनिवार को देश के 18 राज्य और केंद्र शासित राज्य में एक्टिव केस बढ़े हैं। इसके पहले शुक्रवार को 16 राज्यों में यह इजाफा देखने को मिला था। हर दिन ऐसे राज्यों की संख्या बढ़ रही है, जहां एक्टिव केस में इजाफा हो रहा है। केरल, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नगालैंड, मेघालय, लद्दाख, चंडीगढ़, मिजोरम, सिक्किम, अंडमान निकोबार में एक्टिव केस बढ़े हैं। दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में नए केस में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, राहत की बात है कि देश में एक्टिव केस में गिरावट 51 दिन से जारी है। 17 सितंबर के बाद से ये एक बार भी नहीं बढ़े हैं। अब सिर्फ 5.11 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से 2.57 लाख केस सिर्फ महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में हैं।

उधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने रविवार को कहा कि अब महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। कोरोना के मामलों में गिरावट के चलते लॉकडाउन में छूट दी गई है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि कोरोना बिल्कुल समाप्त हो चुका है।

ठाकरे ने कहा कि हम सभी को लंबे समय तक फेस मास्क का इस्तेमाल करना होगा। इसे अनिवार्य रूप से अपनी आदत में शामिल करें। हम सभी को मिलकर ये सुनिश्चित करना है कि कोरोना की दूसरी लहर शुरू न हो सके। दिवाली के बाद स्कूलों और धार्मिक स्थलों को खोलने का विचार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुंबई लोकल सभी के लिए खोलने को लेकर केंद्र सरकार से बात कर रहे हैं। लोगों से अपील कर रहे हैं कि दिवाली पर पटाखे जलाने की बजाय दीए जलाएं। दिवाली के बाद के 15 दिन अहम होंगे। हमें ध्यान रखना चाहिए कि फिर से लॉकडाउन की जरूरत नहीं पड़े।