कोरोना के बढ़ते कदम, अब हर 3 दिन में बढ़ रहे 50 हजार मरीज; कुल संक्रमितों की संख्या 5.50 लाख के पार

कोरोना संक्रमितों की संख्या देश में 5.50 लाख के पार पहुंच चुकी है। आज से तीन दिन पहले यह आंकड़ा 5 लाख पर था। देश में पहले 50 हजार मरीज होने में 97 दिन लगे थे। लेकिन अब हर तीन दिनों में 50 हजार मरीज सामने आए। बीते 12 दिन में ही 2 लाख संक्रमित बढ़ गए हैं। जिस तेजी से संक्रमण के मामले बढ़ रहे है उस हिसाब से जुलाई के आखिरी तक संक्रमितों की संख्या 15 लाख के पार जा सकती है। देश में अब तक 5 लाख 60 हजार 349 कोरोना केस आ चुके हैं। इनमें से आधे से ज्यादा, यानी 3.21 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, 2.10 लाख का इलाज चल रहा है। 16 हजार 492 संक्रमितों ने जान गंवाई है।

मध्यप्रदेश एक बार फिर सबसे संक्रमित 10 राज्यों में शामिल हो चुका है। यहां अब तक संक्रमण के 13 हजार 370 केस आए। इनमें से 10 हजार 199 मरीज ठीक हो चुके हैं, यानी रिकवरी रेट 76% हो गया है। जबकि कर्नाटक में अब तक 13 हजार 190 केस आए हैं।

वहीं, महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल और झारखंड में लॉकडाउन 31 जुलाई तक और मणिपुर में 15 जुलाई तक बढ़ाया गया था। इधर, तमिलनाडु सरकार ने 31 जुलाई तक जनरल लॉकडाउन बढ़ा दिया है। वहीं, चेन्नई और उसके आसपास के इलाके में 5 जुलाई तक सख्त लॉकडाउन लागू रहेगा। पूरे राज्य में जुलाई में हर रविवार सख्त लॉकडाउन लागू रहेगा।