ब्राजील / 24 घंटे में मिले 30 हजार से ज्यादा संक्रमित, 890 की हुई मौत

कोरोना वायरस से दुनिया में अब तक 61 लाख 54 हजार 35 लोग संक्रमित हो चुके है। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 70 हजार 893 हो गया है। 27 लाख 34 हजार 637 लोग इस बीमारी से निजात पा चुके है। ब्राजील में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां एक दिन में 30 हजार से ज्यादा संक्रमित मामले सामने आए। देश में मरीजों की संख्या करीब 5 लाख हो चुकी है। वहीं, एक दिन में 890 लोगों ने दम तोड़ा है। यहां मौतों का कुल आंकड़ा 28 हजार 834 हो गया है। यह संख्या यूरोप के चौथे सबसे संक्रमित देश फ्रांस से ज्यादा हो गई है। फ्रांस में अब तक 28 हजार 771 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं,अमेरिका की बात करे तो यहां एक दिन में 960 लोगों की मौत हो गई है और 23 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। यहां 1 लाख 5 हजार 557 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 18 लाख 16 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं।

स्पेन में 24 घंटे में 271 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 लाख 39 हजार 228 हो गई है। मैड्रिड में 95 नए मामले मिले, जबकि कैटालोनिया में 88 मामले सामने आए हैं।

स्पेन में पिछले सात दिनों में 43 मौतें हुई हैं। कुल मौतों की संख्या बढ़कर 27,125 हो गई है। स्पेन में लॉकडाउन में ढील देने के लिए 28 अप्रैल से चार चरणों का प्लान शुरू किया गया है। इसमें पहली चरण की शुरुआत 11 मई से हुई है।