Corona Updates: दिल्ली में 24 घंटे में 53% मरीज बढ़े, मिले 2,790 नए कोरोना संक्रमित; महाराष्ट्र में 43 हजार से ज्यादा केस

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने अप्रैल में रोज वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए हैं। केंद्र ने राज्यों से कहा है कि सरकारी छुट्‌टी वाले दिन भी सरकारी और प्राइवेट सेंटर्स पर लोगों को टीका लगाने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही गुरुवार को दिल्ली में कोरोना के 2,790 नए मरीज मिले। बुधवार के मुकाबले नए संक्रमित 53% ज्यादा है। बुधवार को 1,819 मरीज मिले थे। दिल्ली में शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए 8वीं कक्षा तक के छात्रों को स्कूल बुलाने पर रोक लगा दी गई है। सरकार ने साफ कर दिया है कि अगले आदेश तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान ऑनलाइन क्लास जारी रहेंगे। हालांकि 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों ( शैक्षणिक सत्र 2020-21) को उनके पेरेंट्स की अनुमति के बाद मिड टर्म/ प्री बोर्ड/एनुअल एग्जाम/ बोर्ड एग्जाम/ प्रैक्टिकल एग्जाम/ प्रोजेक्ट वर्क/ इंटरनल एसेसमेंट के लिए स्कूल बुलाया जा सकेगा। दिल्ली के सभी तरह के स्कूलों के लिए ये आदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से बढ़ते कोरोना के केस को लेकर बेहद गंभीर हैं और इस पर खुद नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कल यानी शुक्रवार को एक आपात बैठक बुलाई है। यह बैठक कल शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में दिल्ली में बढ़ते कोरोना केस की रोकथाम के लिए एक्शन प्लान, वैक्सीनेशन की मौजूदा स्थिति, कंटेनमेंट जोन, अस्पतालों के बेड़ प्रबंधन और सिरो सर्वे के साथ वर्तमान में कोरोना केस की मैपिंग की सीएम अरविंद केजरीवाल समीक्षा करेंगे।

मुंबई में मिले 8,646 नए मरीज

दिल्ली के अलावा मुंबई में गुरुवार को 8,646 संक्रमित मिले। यह आंकड़ा महामारी के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा है। पूरे महाराष्ट्र की बात करे तो राज्य में 43,183 नए केस सामने आए। इस दौरान राज्य में 32,641 मरीज रिकवर हुए और 249 लोगों की मौत हो गई। उधर, महाराष्ट्र में उद्धव सरकार ने RT-PCR टेस्ट के रेट तय कर दिए हैं। कलेक्शन सेंटर पर टेस्ट कराने पर अब 500 रुपए देने होंगे। कोविड सेंटर, क्वारैंटाइन सेंटर और आइसोलेशन सेंटर पर इसके लिए 600 और घर पर टेस्ट कराने के 800 रुपए से ज्यादा नहीं लिए जा सकेंगे।

देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। गुरुवार को पूरे देश में 79,282 केस सामने आए हैं। इसी के साथ भारत में एक्टिव केस की संख्या 6 लाख के पार चली गई है। इससे पहले बुधवार को 72 हजार 72 संक्रमितों की पहचान हुई, 40 हजार 417 लोग ठीक हुए और 458 मरीजों की मौत भी हुई। नए मरीजों का आंकड़ा पिछले 172 दिन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 10 अक्टूबर को 74 हजार 418 केस आए थे। मौत का आंकड़ा भी बीते 116 दिनों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 5 दिसंबर को 482 लोगों ने जान गंवाई थी।

देश में अब तक करीब 1.22 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.15 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.63 लाख ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।