निजामुद्दीन से निकाले गए तबलीगी जमात के लोगों को एक क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उन्होंने डॉक्टर्स और अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और यहां तक कि उनके ऊपर थूका भी। ये लोग अपनी जांच और इलाज में डॉक्टरों का बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। वहीं अब तबलीगी जमात में मिले एक शख्स ने दिल्ली के राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में खुदकुशी का प्रयास किया। हालांकि उसे अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों ने बचा लिया है। यह व्यक्ति अस्पताल की छठी मंजिल से कूदने की कोशिश कर रहा था। गौरतलब है कि मरकज में शामिल हुए जमात के लोगों को दिल्ली के अलग अलग अस्पतालों या कोरोना क्वारेंटाइन सेंटरों में भर्ती करवाया गया है। गौरतलब है कि मामले की जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी थी। उन्होंने बताया था कि राजीव गांधी अस्पताल में एक व्यक्ति ने खुदकुशी का प्रयास किया है लेकिन उसे बचा लिया गया है। हालांकि उन्होंने इस व्यक्ति का संबंध मरकज से नहीं बताया था।
इस वारदात के बाद अस्पताल की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। वहीं अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरकज में शामिल हुए लोगों को अस्पताल की छठी मंजिल पर आइसोलेट किया गया है। यहीं पर मौजूद एक व्यक्ति ने खिड़की से कूदने का प्रयास किया लेकिन उसे समय रहते बचा लिया गया। अब इस वारदात को देखते हुए अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है जिससे ऐसा दोबारा नहीं हो।