कोरोना वायरस: महाराष्ट्र में 107 और केरल में 95 केस, देशभर में 536 पहुंची मरीजों की तादाद

भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अबतक देश में 536 लोग कोरोना के पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र और केरल है। महाराष्ट्र में अब तक 107 और केरल में 95 केस सामने आए हैं। कोरोना की वजह से 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। 135 करोड़ लोगों का देश को लॉकडाउन किया जा रहा है। 548 जिलों को लॉकडाउन किया गया है।

वहीं, कोरोना वायरस के कारण उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्ग का काम बंद कर दिया गया है। चारधाम यात्रा अप्रैल में शुरू होने वाली थी। इसके मद्देनजर मार्ग को ठीक करने का काम चल रहा था। हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार ने लॉकडाउन के बाद कर्फ्यू लगा दिया है। शाम 5 बजे से ये लागू रहेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। श्रीनगर में कोरोना के दो नए केस आए हैं। इसमें से एक विदेश यात्रा करके लौटा है, जबकि दूसरे के बारे में डिटेल नहीं मिल पाई है।