कोरोना के खिलाफ जंग में रंग लाई सरकारी पहल! बना एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड

भारत में सोमवार को सर्वाधिक कोरोना वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड बन गया। एक दिन में रिकॉर्ड 47 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए वैक्सीन मुफ्त दिए जाने के पहले दिन ही ये कीर्तिमान बन गया। सरकार ने 21 जून से टीकाकरण कार्यक्रम को रफ्तार देने का ऐलान किया था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक संशोधित गाइडलाइन जारी होने के पहले दिन यह रिकॉर्ड बना है। शाम 6 बजे तक 75 लाख 44 हजार से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई गई हैं। इससे पहले दो अप्रैल का रिकॉर्ड था। उस दिन 42 लाख 61 हजार से ज्यादा डोज लगाई गई थीं।

सरकार ने इससे पहले 1 मई को वैक्सीनेशन पॉलिसी में बदलाव किया था और राज्यों पर 18 से 44 साल के युवाओं के टीकाकरण का बोझ डाल दिया था। तब राज्यों को भारतीय वैक्सीन कंपनियों से केंद्र के मुकाबले ज्यादा दामों पर टीका ऑफर करने पर सवाल उठे। नई नीति के तहत केंद्र ने 75 फीसदी वैक्सीन खुद खरीदने का निर्णय़ किया है, जबकि 25 प्रतिशत निजी क्षेत्र के लिए छोड़ दी।

सरकार का कहना है कि राज्यों को रविवार तक देश में 29 करोड़ से ज्यादा लोगों को डोज मुहैया कराई जा चुकी है। यह केंद्र की ओर से सीधी खरीद के माध्यम से राज्यों को फ्री में उपलब्ध कराई गई वैक्सीन है। राज्यों के पास फिलहाल 3 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन हैं। अगले तीन दिनों में राज्यों को करीब 24.5 लाख वैक्सीन डोज और मुहैया कराई जाएंगी।