आज से खुल गई दिल्ली, लेकिन कुछ जगहों पर अब भी है रोक, जाने क्या-क्या है बंद

केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के बाद राज्य सरकारों ने अनलॉक लागू कर दिया है। 25 मार्च के बाद आज वो दिन है, जब पूरा देश लगभग खुल गया है। बाजार से लेकर मंदिर-मस्जिद और मॉल से लेकर रोस्टोरेंट तक आज से खोल दिये गये हैं। हालांकि कुछ राज्यों में अभी भी पाबंदी जारी है। राजधानी दिल्ली में बॉर्डर से लेकर बाजार तक सब खोल दिये गए हैं लेकिन कुछ स्थल अभी भी यहां बंद रखे गये हैं। सरकार ने कहा है कि कंटेनमेंट जोन में सख्ती जारी रहेगी लेकिन जहां परिस्थितियां बेहतर है वहां जन-जीवन सामान्य होगा। इसी के मद्देनजर बस, टैक्सी सेवा समेत धार्मिक स्थल, बाजार, मॉल, सैलून जैसी अन्य सेवाएं खोलने की इजाजत दी गई है।

दिल्ली सरकार ने भी केंद्र की इन गाइडलाइंस का पालन करते हुये कई चीजें खोलने का ऐलान किया है। बस और टैक्सी सेवा यहां पहले से ही चल रही है।

आज से दिल्ली में मंदिर-मस्जिद भी खुल गये हैं। इसके अलावा मॉल, बाजार, रेस्टोरेंट भी खोल दिये गये हैं। लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जो केंद्र की छूट के बावजूद भी नहीं खोली गई हैं।
केंद्र सरकार की तरफ से होटल और बैंक्वेट हॉल भी शर्तों के साथ खोलने की इजाजत दी गई है, लेकिन दिल्ली सरकार ने इन पर पाबंदी जारी रखी है।

रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र की गाइडलाइंस के हिसाब से मॉल, रेस्टोरेंट और धार्मिक स्थल खोले जा रहे हैं, लेकिन होटल और बैंक्वेट हॉल अभी भी बंद रहेंगे।

केजरीवाल ने बताया कि होटल और बैंक्वेट हॉल इसलिये बंद रखे गये हैं क्योंकि आने वाले वक्त में इन्हें अस्पताल के रूप में इस्तेमाल करना पड़ सकता है।

दिल्ली में क्या-क्या बंद है?


सिनेमा

होटल

जिम

बैंक्वेट हॉल

ऑडिटोरियम

स्विमिंग पूल

स्पा सेंटर

बार-क्लब

ऐतिहासिक इमारतें

एंटरटेनमेंट पार्क

इनके अलावा स्कूल-कॉलेज-यूनिवर्सिटी के साथ ही मेट्रो सेवा भी देश के बाकी हिस्सों की तरह दिल्ली में भी बंद है।

तमाम ऐतिहासिक इमारतें भी बंद है, लिहाजा पर्यटन भी फिलहाल दिल्ली में चालू नहीं किया गया है। वहीं, राजनीतिक कार्यक्रम से लेकर धरना प्रदर्शन भी यहां नहीं किये जा सकेंगे। ऐतिहासिक स्थलों पर भी अभी फैसला नहीं लिया गया है।दिल्‍ली में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लॉकडाउन में ढील के बाद से प्रत्‍येक 24 घंटे में जारी होने वाले आंकड़ों में जबर्दस्‍त वृद्धि दर्ज की गई है। रविवार को जारी आंकड़े के अनुसार, देश की राजधानी में 1 हजार 282 मामले सामने आए थे। दिल्‍ली में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 28 हजार 936 तक पहुंच गया है। वहीं, इस समय राष्‍ट्रीय राजधानी में वायरस के 17 हजार 125 एक्टिव मरीज हैं, जिनका विभिन्‍न अस्‍पतालों में इलाज चल रहा है। जबकि अब तक कुल 10 हजार 999 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।

दिल्ली में बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा है कि अभी हमारे पास 8 हजार 500 से 9000 के करीब बेड है। अगले 15 दिनों में इनकी संख्या बढ़कर 15 हजार से 17 हजार हो जाएगी। जैसा की हम जानते हैं कि मामले 14 से 15 दिनों में दोगुना हो रहे है, इसलिए हमें लगता हैं कि अगले दो सप्ताह में मामलों की संख्या 56 हजार पहुंच जाएगी।