संसद के दरवाजे तक पहुंचा कोरोना का डर, सेल्फ-आइसोलेशन पर कई सांसद

बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह भले ही सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं, मगर इस खबर से उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 96 सांसद परेशान हो गए हैं। ये वे सांसद हैं, जिनके साथ दो दिन पहले राष्ट्रपति भवन में दुष्यंत सिंह ब्रेक फास्ट कर चुके हैं। दुष्यंत सिंह के संपर्क में आने वाले सांसद आइसोलेशन में जाने लगे हैं। मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने इसकी शुरुआत कर दी है। बता दे, 16 मार्च को दुष्यंत सिंह लखनऊ में कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होकर लौटे थे। जिसके बाद 18 मार्च को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दी गई ब्रेकफास्ट पार्टी में शामिल हुए। इस पार्टी में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुल 96 सांसद थे। दुष्यंत सिंह ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में हुई इस पार्टी में सभी सांसदों के साथ मेलमिलाप में शामिल रहे।

शुक्रवार को जैसे ही कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई, वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत सिंह ने सेल्फ आइसोलेशन में जाने का ऐलान किया। सूत्रों का कहना है कि दुष्यंत के साथ ब्रेकफॉस्ट में हिस्सा लेने वाले अन्य सांसदों में भी हड़कंप मचा है। ज्यादातर कोरोना की जांच कराने और सेल्फ आइसोलेशन में जाने की तैयारी कर रहे हैं। ब्रेकफॉस्ट में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री और मिर्जापुर सांसद अनुप्रिया पटेल ने भी सेल्फ आइसोलेशन में जाने की बात कही है।

ये प्रमुख चेहरे थे पार्टी में

राष्ट्रपति भवन में हुई इस पार्टी में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, जनरल वीके सिंह, गजेंद्र शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी, साध्वी निरंजन ज्योति, सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर, विजय गोयल, ओम माथुर, रविकिशन, हेमामालिनी, रीता बहुगुणा जोशी, साक्षी महराज जैसे प्रमुख चेहरों ने हिस्सा लिया था।

लंदन से लखनऊ लौटने के बाद कनिका कपूर ने उसी दिन गैलेंट अपार्टमेंट में एक हाई प्रोफाइल पार्टी दी थी, जिसमें कई नेताओं के साथ अफसरों ने भी हिस्सा लिया था। कनिका कपूर ने लखनऊ के एक फाइव स्टार होटल सहित दो अन्य स्थानों पर भी पार्टी आयोजित की थी। वह कानपुर में भी अपने एक रिश्तेदार के घर गई थीं।

वसुंधरा राजे ने किया ट्विट

कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया, कुछ दिन पहले दुष्यंत और उनके ससुराल वालों के साथ मैं लखनऊ में एक डिनर पर गई थी। कनिका कपूर, जो कि कोरोना संक्रमित पाई गई हैं, वे भी उस डिनर में बतौर अतिथि मौजूद थीं। सावधानी के तौर पर मैं और दुष्यंत सेल्फ-आइसोलेशन में हैं और हम सभी आवश्यक निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

बता दे, कोरोना पर बेपरवाही बरतने वाली बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में खुलासा हुआ है कि कनिका कपूर को अपने कोरोना पीड़ित होने की जानकारी थी। वहीं लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने बताया कि कनिका कपूर के खिलाफ सीएमओ से आई रिपोर्ट में उनके आने की तारीख 14 मार्च लिखी है, जबकि वह 11 मार्च को आई थीं। जांच के दौरान पुलिस इस चीज को सही कर देगी।