स्वामी नित्यानंद का दावा- सॉफ्टवेयर से अब गाय और बंदर भी बोलेंगे तमिल और संस्कृत!

खुद को भगवान बताने वाले दक्षिण भारत के स्वामी नित्यानंद ने दावा किया है कि वह ऐसी गाय तैयार करने में जुटे हैं, जो संस्कृत और तमिल भाषा बोलेगी। नित्यानंद के इस दावे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 2010 में एक अभिनेत्री के साथ कथित सीडी का मामला सामने आने के बाद से स्वामी नित्यानंद की गिनती विवादित गुरुओं में होती है। करीब 40 वर्षीय स्वामी नित्यानंद मूलतः तमिलनाडु के रहने वाले हैं। कम उम्र में ही खुद को सन्यासी घोषित कर लिया।

नित्यानंद का कहना है कि उन्होंने एक ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जिसके जरिए गाय, बंदर और शेर संस्कृत और तमिल बोलेंगे। उनका कहना है कि उन्होंने इस सॉफ्टवेयर का परीक्षण भी कर लिया है, जिसमें वो सफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि वो एक साल के भीतर इसे साबित करके दिखाएंगे।

नित्यानंद ने कहा- मैं बंदरों, शेर और गायों के लिए एक उचित भाषाई कार्ड विकसित करने की दिशा में काम कर रहा हूं। स्वामी नित्यानंद ने कहा कि उनके पास ऐसी आध्यात्मिक शक्ति है, जिससे वह गाय, बंदर आदि जानवरों में उन आंतरिक अंगों को भी विकसित कर सकते हैं, जो अंग सिर्फ इंसानों में मिलते हैं। नित्यानंद ने दावा किया कि वह वोकल कार्ड यानी बोलने की नली में इन जानवरों में विकसित करेंगे।

बता दें कि स्वामी नित्यानंद उस समय सुखिर्यों में आए थे, जब दक्षिण की एक अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसके साथ 40 बार से ज्यादा बलात्कार किया। नित्यानंद के कुछ अन्य शिष्यों ने भी उन पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए थे। एक शख्स के साथ जबरदस्ती समलैंगिक रिश्ते बनाने के आरोप में भी नित्यानंद के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है।